The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Mamata banerjee tmc announces candidates for west bengal election 2026

ममता बनर्जी ने 291 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, तीन सीटें किसके लिए छोड़ दीं?

ममता बनर्ती ने ऐलान किया है कि दार्जिलिंग इलाके की तीन सीटें वह अनित थापा की पार्टी अनित थापा की पार्टी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (BGPM) के लिए छोड़ दी है.

Advertisement
tmc candidates list mamata banerjee
ममता बनर्जी भबानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी. (फोटो- India Today)
pic
राघवेंद्र शुक्ला
17 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 07:53 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITMC) ने अपने सभी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. 23 और 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर चुनाव होंगे. दो चरणों में होने वाले इस चुनाव में टीएमसी 291 सीटों पर लड़ेगी. पार्टी ने दार्जिलिंग इलाके की तीन सीटें दार्जिलिंग, कर्सियांग और कालिमपोंग अनित थापा की ‘भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा’ (BGPM) के लिए छोड़ दी है. 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भबानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी. पिछली बार वो नंदीग्राम से लड़ी थीं, जहां उन्हें अपने ही पुराने साथी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी से हार मिली थी. इसके बाद वह 2021 में ही भबानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ीं और जीतीं. इस बार भी उन्होंने भबानीपुर सीट को अपने लिए चुना है. लेकिन सुवेंदु अधिकारी उन्हें यहां भी चुनौती देने के लिए तैयार हैं. टीएमसी से पहले आई भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों सीटों से उम्मीदवार बनाया गया है. 

जिस नंदीग्राम सीट से ममता 2021 में हारी थीं, वहां से इस बार पबित्र कर को टीएमसी ने कैंडिडेट बनाया है. वह सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते हैं. उनके साथ ही 2020 में वो बीजेपी में भी चले गए थे. लेकिन इसी महीने (मार्च 2026) टीएमसी में वापस आ गए. नंदीग्राम में उनकी अच्छी पकड़ है. उनके सपोर्टर्स उन्हें ‘नंदीग्राम का बेटा’ कहते हैं. 

इसके अलावा, टीएमसी के उम्मीदवारों की लिस्ट में इस बार कई एक्टर, सिंगर, एथलीट और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं. 

टीएमसी ने एथलीट स्वप्ना बर्मन को राजगंज सीट से टिकट दिया है. वह भारतीय हेप्टाथलॉन खिलाड़ी हैं. 2018 के एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल भी जीता है.

IPS प्रसून बनर्जी को मालदा से टिकट मिला है. एक्टर सोहम चक्रवर्ती को करीमपुर से, बारानगर से एक्टर सायंतिका बनर्जी को, सोनारपुर से लवली मैत्रा को टीएमसी का टिकट मिला है. 

सिंगर अदिति मुंशी को राजारहाट गोपालपुर से उम्मीदवार बनाया गया है. 

फिल्ममेकर राज चक्रवर्ती बैरकपुर से और मदन मित्रा कामरहाटी से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे.

राशन घोटाले में जेल जा चुके पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को हाबरा सीट से टिकट मिला है.

ममता सरकार में मंत्री शशि पांजा को श्यामपुकुर से टिकट मिला है. तीन दिन पहले उनके घर पर हमले की वजह से वो चर्चा में रही थीं. टीएमसी ने हमले के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया था.

टीएमसी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष को बेलेघाटा से टिकट मिला है. 

मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने को लेकर विवादों में आए पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर की भरतपुर सीट पर मुस्तफिजुर रहमान को उतारा गया है. 

इस बार टीएमसी ने 53 महिलाओं को टिकट दिया है. एससी-एसटी कम्युनिटी से 95 उम्मीदवार उतारे हैं. वहीं, अल्पसंख्यक समुदाय से 48 उम्मीदवारों को टीएमसी चुनाव में उतारा है.

ममता के तीखे वार

बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखे वार करते हुए ममता बनर्जी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान तो किया ही, ये दावा भी किया कि 2026 के चुनाव में वह 226 सीटें जीतेंगी. 5 साल पहले के चुनाव में उनकी पार्टी ने 294 में से 213 सीटें जीती थीं. ममता ने इस चुनाव को ‘बंगाल की अस्मिता और अस्तित्व की लड़ाई’ बताया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल को जानबूझकर निशाना बना रहे हैं.

ममता ने ये भी कहा कि आरएसएस के लोग हरियाणा से लोगों को बंगाल ला रहे हैं. वही पुलिस पोस्टिंग तय कर रहे हैं. बाहर से हथियार लाकर ये लोग दंगे करवाना चाहते हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए ममता ने उन्हें चुनौती दी कि वो खुलकर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ें. ममता ने बंगाल के वोटरों से अपील की कि वो बीजेपी का बहिष्कार करें और बंगाल को वोट दें. उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को 'मैं बीजेपी कार्यकर्ता नहीं हूं' लिखे बैनर लेकर चलना पड़ेगा.

वीडियो: बांग्लादेश से मिली करारी हार के बाद, पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सेलेक्टर्स को खूब सुनाया

Advertisement

Advertisement

()