ममता बनर्जी भवानीपुर से हार सकती हैं, 'लात मारने' का आरोप लगाया
नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी के पबित्र कर को 9 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया. लेकिन भवानीपुर वाला मामला अभी फंसा हुआ है.

ममता बनर्जी क्या भवानीपुर सीट से चुनाव हारने वाली हैं? 16 राउंड की गिनती के बाद वह अपने नजदीकी विरोधी सुवेंदु अधिकारी से 554 वोटों से पीछे चल रही हैं. सुवेंदु अधिकारी कभी उनके अभिन्न साथी हुआ करते थे. 2020 में टीएमसी छोड़कर उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया. इसके बाद से वह प्रदेश में ममता बनर्जी के सबसे बड़े विरोधी बनकर उभरे. 2021 के चुनाव में नंदीग्राम से उन्होंने ममता बनर्जी को हरा भी दिया था. बाद में ममता ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा और जीतीं.
2026 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ममता का पीछा करते हुए भवानीपुर भी पहुंच गए. उन्होंने दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से पर्चा भरा. नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी के पबित्र कर को 9 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है. लेकिन भवानीपुर वाला मामला अभी फंसा हुआ है. हालांकि, 16 राउंड की गिनती के बाद सुवेंदु अधिकारी आगे हैं. उन्हें अभी तक 54 हजार 386 वोट मिले हैं. वहीं, ममता बनर्जी को 53 हजार 832 वोट मिले हैं. दोनों में 554 वोटों का अंतर है. अभी भी 4 राउंड की गिनती होनी बाकी है.
भवानीपुर सीट पर वोटों की गिनती के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला. यहां 12 राउंड की गिनती होने के बाद 3 घंटे के लिए काउंटिंग रोक दी गई. बीजेपी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी फोन लेकर काउंटिंग सेंटर के अंदर घुस गई थीं. वहीं ममता ने आरोप लगाया कि उनके काउंटिंग एजेंट्स को बाहर निकाल दिया गया था. काउंटिंग सेंटर से बाहर आने के बाद ममता ने उनके साथ मारपीट के आरोप लगाए और कहा कि उन्हें ‘लात मारी गई और धक्का दिया गया’.
ममता ने कहा कि बीजेपी की यह जीत अनैतिक है. उन्होंने बंगाल चुनाव आयुक्त को कई बार शिकायत की लेकिन कोई ऐक्शन नहीं लिया गया. ममता का दावा है कि वो चुनाव जीत रही थीं लेकिन 4 राउंड की गिनती में धांधली की गई.
वीडियो: थलपति विजय ने पूर्व ड्राइवर के बेटे को दिया टिकट, हजारों वोटों से की जीत हासिल

