चुनाव आयोग के अधिकारी का 'बर्नोल' पोस्ट किसके लिए? ममता बनर्जी ने 'आइसक्रीम' से जवाब दिया
साउथ कोलकाता के जिला चुनाव अधिकारी ने साल 1990 में आई आमिर खान और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'दिल' के सुपरहिट गाने 'हम प्यार करने वाले दुनिया से ना डरने वाले' का एक वीडियो शेयर किया. इसके साथ उन्होंने चुनाव में बाधा डालने वाले लोगों को 'बर्नोल' और 'बोरोलीन' रखने की नसीहत भी दे डाली.

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने पश्चिम बंगाल चुनाव में धांधली करने वालों को अनोखे ढंग से चेतावनी दी, जिस पर विवाद हो गया. साउथ कोलकाता के जिला चुनाव अधिकारी ने 12 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने उपद्रवियों को 'बर्नोल' और 'बोरोलीन' का भारी स्टॉक रखने की चेतावनी दी. बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने चुनाव अधिकारी को आइसक्रीम खाने की सलाह दी है, जिससे ठंडक बनी रहेगी.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ममता बनर्जी ने साउथ कोलकाता के जिला चुनाव अधिकारी के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
हम बर्नोल नहीं, आइसक्रीम देंगे. डरने की क्या बात है? जो लोग कह रहे हैं कि वे दूसरों को बर्नोल से जला देंगे, उन्हें बता देना चाहिए कि आइसक्रीम से उनको ठंडक मिलेगी.
ममता बनर्जी ने आगे सवाल उठाते हुए कहा,
मैंने वह सर्कुलर देखा है, जिसमें बर्नोल की बात की गई है. क्या यह धमकी नहीं है? क्या आप बीजेपी का समर्थन नहीं करने वाले अधिकारियों को जिंदा जलाना चाहते हैं?
तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव अधिकारी के पास ये पोस्ट करने वाले निर्वाचन अधिकारी की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत पर एक्शन लेते हुए चुनाव आयोग ने साउथ कोलकाता के जिला निर्वाचन अधिकारी से इस तरह का पोस्ट करने का कारण पूछा है.
बॉलीवुड गाने से दिया था मैसेज
जिला चुनाव अधिकारी ने साल 1990 में आई आमिर खान और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'दिल' के सुपरहिट गाने 'हम प्यार करने वाले दुनिया से ना डरने वाले' का एक वीडियो शेयर किया. इस गाने के साथ-साथ उन्होंने एक मैसेज भी शेयर किया. मैसेज में उन्होंने लिखा,
हमारी सभी माताओं, चाचाओं, बहनों और भाइयों को बिना किसी डर के पूरी आजादी से वोट देने के लिए आमंत्रित किया जाता है. भले ही कुछ लोग इससे नाराज होकर गुस्से की आग में जल भुन क्यों न जाएं. डराने-धमकाने वाले गुंडे और अपराधी सावधान हो जाएं! अपने पास बर्नोल और बोरोलीन का पर्याप्त स्टॉक रखें, नहीं तो यह गर्मी इतनी तेज होगी कि आप अंदर से जल उठेंगे और इसे जिंदगी भर याद रखेंगे.

अपने मैसेज के आखिर में साउथ कोलकाता के जिला चुनाव अधिकारी ने ये भी लिखा कि जो कोई भी इस शांतिपूर्ण वोटिंग प्रोसेस में बाधा डालेगा, कानून उससे इतनी सख्ती से निपटेगा कि वहां 'बर्नोल' और 'बोरोलीन' भी किसी काम नहीं आएंगे.
वीडियो: मालदा में SIR का लफड़ा, ममता बनर्जी और राहुल गांधी पर क्या बहस हुई?

