'महाभारत की द्रौपदी' रूपा गांगुली की सीट का क्या रहा नतीजा?
West Bengal Elections 2026: सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से 2021 के चुनाव में अरुंधति मैत्रा (लवली) ने 26,181 वोटों के अंतर से बीजेपी कैंडिडेट अंजना बसु को हराया था. इस बार रूपा गांगुली बीजेपी के टिकट पर लड़ रही हैं.

पश्चिम बंगाल की सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार रूपा गांगुली आगे चल रही हैं. उन्होंने 4000 से ज़्यादा वोटों की बढ़त बना ली है. उनके सामने हैं तृणमूल कांग्रेस की अरुंधति मैत्रा उर्फ़ लवली मैत्रा. अरुंधति मैत्रा टीवी एक्ट्रेस हैं, वहीं रूपा गांगुली मशहूर गायिका और अभिनेत्री रह चुकी हैं. इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी की उम्मीदवार असीमा मंडल तीसरे नंबर पर चल रही हैं. पिछले दो बार से इस सीट पर TMC का दबदबा रहा है. लेकिन अब ये सीट बीजेपी के खाते में जाती नज़र आ रही है.
सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 2,68,509 है, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पुरुष और महिला वोटर्स शामिल हैं. 2021 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की अरुंधति मैत्रा (लवली), भारतीय जनता पार्टी की अंजना बसु, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के शुभम बनर्जी उम्मीदवार थे. तब इस सीट से अरुंधति मैत्रा (लवली) ने 26,181 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. भारतीय जनता पार्टी की अंजना बसु 83,041 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं.
2016 में इस सीट से TMC कैंडिडेट जीवन मुखोपाध्याय विजयी रहे थे. तब TMC का वोट शेयर 47.8 फीसदी और भाजपा का 40.43 फीसदी था. 2021 में TMC का वोट शेयर घट कर 46.92 फीसदी हो गया था.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से जुड़े सारे अपडेट्स यहां देखिए
‘महाभारत की द्रौपदी’रूपा गांगुली ने बी. आर. चोपड़ा के महाभारत (Mahabharat) सीरियल में द्रौपदी का किरदार निभाया था. वह अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं. साथ ही एक प्रशिक्षित रवींद्र संगीत गायिका और एक शास्त्रीय नर्तकी भी हैं. उन्होंने 1990 के दशक में हिंदी और बंगाली सिनेमा इंडस्ट्री में भी काम किया है. अक्टूबर 2016 में, उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा राज्य सभा के सदस्य के रूप में नामित किया गया था. उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था. उन्होंने सिनेमा कलाकारों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था, पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फ़ोरम के लिए महासचिव और उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया है.
वीडियो: राजधानी: बंगाल में वोटिंग खत्म, हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू, रिजल्ट से बवाल पर बवाल

