The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Leander paes tennis legend join bjp ahead of bengal assembly election

लिएंडर पेस बीजेपी में शामिल, बंगाल चुनाव में क्या 'सर्व' करेंगे?

भारत के पूर्व टेनिस लेजेंड लिएंडर पेस ने बीजेपी जॉइन कर ली है. इससे पहले साल 2021 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ली थी. बीजेपी के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सुकांत मजूमदार ने कोलकाता में उनको बीजेपी की सदस्यता दिलाई. पेस को बंगाल चुनाव में कोई भूमिका दी जा सकती है.

Advertisement
pic
31 मार्च 2026 (अपडेटेड: 31 मार्च 2026, 04:19 PM IST)
Leander paes bengal bjp mamata banerjee tmc
लिएंडर पेस ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है. (ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रहे लिएंडर पेस ने 31 मार्च को बीजेपी जॉइन कर ली. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई. पेस ने हाल में कोलकाता में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी. मुलाकात के बाद से ही उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं.

लिएंडर पेस बंगाल चुनाव के ठीक पहले बीजेपी में शामिल हुए हैं. इससे पहले साल 2021 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से अपनी सियासी पारी शुरू की थी. साल 2022 में गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने TMC के लिए चुनाव प्रचार भी किया था. हालांकि उन्होंने खुद कोई चुनाव नहीं लड़ा था. अब बीजेपी बंगाल चुनाव में उनको स्टार प्रचारक के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है. 

लिएंडर पेस का पार्टी में स्वागत करते हुए किरेन रिजिजू ने साल 1996 के बार्सिलोना ओलंपिक में उनके प्रदर्शन को याद किया. इस टूर्नामेंट में पेस ने मेन्स सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. केंद्रीय मंत्री ने कहा, 

सेमीफाइनल में चोटिल पेस को आंद्रे अगासी से हारते हुए देखकर उनको काफी निराशा  हुई थी, जिन्होंने बाद में गोल्ड मेडल जीता.

रिजिजू ने आगे कहा कि लिएंडर पेस ने ओलंपिक की मेडल टैली में भारत को जगह दिलाई. अब वो बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा करेंगे. वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि पेस के शामिल होने से बंगाल में बीजेपी को मजबूती मिलेगी. 

बीजेपी में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस भावुक नजर आए. कोलकाता स्थित बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, 

मैंने अपने जीवन के 40 सालों तक देश के लिए खेला है. डेविस कप और ओलंपिक जैसे टूर्नामेंटों में देश का प्रतिनिधित्व किया. इसके जरिए अपने लिए, अपने परिवार के लिए और देश के लिए सम्मान अर्जित किया. अब यह (राजनीति) एक नया क्षेत्र है. मेरे भाइयों ने मुझे एक जिम्मेदारी सौंपी है. मैं राष्ट्र और युवाओं की सेवा करना चाहता हूं.

लिएंडर पेस ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को जनता की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया.

कौन हैं लिएंडर पेस?

लिएंडर पेस टेनिस डबल्स में दुनिया के नंबर एक प्लेयर रह चुके हैं. उन्होंने अपने करियर में कुल 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, जिनमें पांच विंबलडन शामिल हैं. साल 1999 में उन्होंने अपने भारतीय जोड़ीदार महेश भूपति के साथ करियर का पहला विंबलडन खिताब जीता. इस जोड़ी ने साथ में कुल तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीते. इन दोनों को टेनिस डबल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे बेहतरीन जोड़ी में गिना जाता है. 

डबल्स के अलावा लिएंडर पेस ने साल 1996 के बार्सिलोना ओलंपिक में मेन्स सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. सेमीफाइनल में उनका मुकाबला तब के नंबर एक खिलाड़ी आंद्रे अगासी से हुआ. कलाई में चोट लगने के बावजूद उन्होंने अगासी को कड़ी टक्कर दी थी.

वीडियो: सोशल लिस्ट: लिएंडर पेस के आगे गलती नहीं, टेनिस खेल ओलम्पिक जीतने की टिप पूछना महंगा पड़ा

Advertisement

Advertisement

()