The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Kalita Majhi BJP candidate won Ausgram West Bengal election Domestic Help House Maid beats TMC

कलिता माझी घरों में बर्तन मांजती थीं, BJP ने टिकट दिया विधायक बन गईं, 1 लाख से ज्यादा वोट मिले

West Bengal Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार कलिता माझी ने ऑसग्राम (एससी) सीट से जीत हासिल की है. कलिता माझी एक घरेलू कामगार हैं, जो चार घरों में काम करके हर महीने लगभग 2500 रुपये कमाती हैं.

Advertisement
pic
5 मई 2026 (पब्लिश्ड: 09:05 AM IST)
Kalita Majhi, BJP, Kalita Majhi BJP, west bengal, bengal, ausgram, bengal election
BJP उम्मीदवार कलिता माझी ने ऑसग्राम विधानसभा से जीत दर्ज की. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने लोकतंत्र की ताकत को एक खास तरीके से उजागर किया है. हाउस हेल्प का काम करने वाली एक महिला ना केवल चुनाव लड़ी, बल्कि जीत भी दर्ज की. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार कलिता माझी ने ऑसग्राम (एससी) सीट से जीत हासिल की है. कलिता माझी एक घरेलू कामगार हैं, जो चार घरों में काम करके हर महीने लगभग 2500 रुपये कमाती हैं.

पूर्व बर्धमान जिले के गुस्कारा नगर पालिका क्षेत्र की रहने वाली कलिता माझी ने 1,07,692 वोट हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंदी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के श्यामा प्रसन्न लोहार को 12,535 वोटों से हराया. इससे पहले 2021 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. तब उन्हें TMC के अभेदानंद थांडेर ने हरा दिया था. लेकिन पार्टी ने कलिता पर भरोसा बनाए रखा और इस बार उन्होंने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया.

जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कलिता माझी ने कहा,

“यह बहुत खुशी की जीत है. मुझे बहुत खुशी हो रही है और यह आम लोगों की जीत है. यह मेरी अपनी जीत नहीं है. जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया है, प्यार से दोनों हाथ भरकर आशीर्वाद दिया है. दोनों हाथों से वोट दिया है. इसलिए आज यह जीत हुई है.”

उन्होंने आगे कहा,

"जीत के बाद सबसे पहले मैं अपने ऑसग्राम विधानसभा में जो भी कमियां हैं, उन्हें पूरा करूंगी और महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दूंगी. अपने विधानसभा क्षेत्र और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी सभी चीजों को मैं देखूंगी.

बहुत सारी समस्याएं हैं, बहुत ज्यादा. फायर ब्रिगेड का इंतजाम बिल्कुल किया जाएगा. फायर ब्रिगेड होगी, अस्पताल बनेगा और हमारे जंगलमहल क्षेत्र में पानी की बहुत समस्या है. पानी का इंतजाम किया जाएगा. हर घर तक पानी पहुंचाया जाएगा. भाजपा 22 राज्यों में हमारे मोदी जी की केंद्र सरकार जो सुविधा दे रही है मेरे विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी वह सुविधा मिलेगी."

ड्राई क्लीनिंग और सफाई का काम किया

कलिता माझी अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से आती हैं. आजतक की खबर के मुताबिक, वे अपने परिवार का पालन-पोषण ड्राई क्लीनिंग और सफाई का काम करके करती रही हैं. चुनाव प्रचार के दौरान भी वह लोगों के घरों में काम करती थीं, हालांकि लोगों ने उन्हें प्रचार पर ध्यान देने की सलाह दी और पूरा समर्थन भी दिया.

पश्चिम बंगाल विधानसभा 2026 चुनाव का नतीजा

पश्चिम बंगाल में BJP ने प्रचंड बहुमत के साथ TMC की 15 साल पुरानी सत्ता को उखाड़ फेंका. 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में BJP ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की. TMC को केवल 80 सीटों पर जीत मिली है, जबकि राजारहाट न्यू टाउन सीट पर वह आगे चल रही है. कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है. हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को 2 सीटें मिली हैं.

वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI(M)) और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (AISF) को 1-1 सीट पर जीत मिली है. कुल 292 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 1 सीट पर गिनती जारी है. फलता विधानसभा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान (रीपोल) कराया जाएगा.

वीडियो: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट का आया रिजल्ट, ममता बनर्जी कितने वोटों से हारी?

Advertisement

Advertisement

()