गुजरात चुनाव: बीजेपी ने बिलकिस के रेपिस्टों को 'संस्कारी' बताने वाले नेता को टिकट दिया
गुजरात दंगों के दौरान हुए नरोदा पाटिया नरसंहार के दोषी की बेटी को भी बीजेपी ने टिकट दिया है.

गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने नरोदा पाटिया दंगा के एक दोषी की बेटी को टिकट दिया है. वह नरोदा सीट से चुनाव लड़ेंगी. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी ने नरोदा से डॉक्टर पायल कुकरानी को टिकट दिया है. पायल के पिता मनोज नरोदा पाटिया दंगे के दोषी हैं और फिलहाल जेल से बाहर हैं.
कांग्रेस ने बीजेपी के इस फैसले को लेकर सवाल उठाया है कि दंगे के दोषी की बेटी को टिकट दिया गया है. बीजेपी ने बीते गुरुवार 10 नवंबर को इसकी घोषणा की थी.
बीजेपी की महिला उम्मीदवारों में पायल सबसे युवा हैं और काफी पढ़ी लिखी भी हैं. उन्होंने डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एनीस्थीसिया) किया है. उन्होंने रूस से पढ़ाई की है. पायल की मां रेशमा अहमदाबाद के सैजपुर से कॉरपोरेटर हैं. वह साल 2021 में इस पद पर चुनी गई थीं. चुनाव टिकट मिलने पर पायल ने कहा,
‘मुझे बेहद खुशी है कि पार्टी ने मुझ पर भरोसा दिखाया और मुझे टिकट दिया. मेरे पिता ने पार्टी को अपने 40 साल दिए हैं. मेरी मां पार्षद हैं. शिक्षा पूरी करने के बाद मैंने अपनी मां के चुनाव प्रचार में भी हिस्सा लिया था. मैंने डोर टू डोर कैंपेन में भी हिस्सा लिया है. मुझे चुनाव जीतने का पूरा भरोसा है. मैं भारी अंतर से जीतूंगी. मैं केवल और केवल प्रगति और विकास की दिशा में काम करूंगी.'
वहीं पायल की मां रेशमा ने कहा,
'वह निश्चित रूप से अधिकतम अंतर से जीतने वाली है, मुझे विश्वास है.'
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने इसे लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने मामले पर कटाक्ष करते हुए कहा,
'बीजेपी को कोई अन्य उम्मीदवार क्यों नहीं मिला? बीजेपी इतने लंबे समय से यही कर रही है. लेकिन उनका नकली हिंदुत्व अब उजागर हो गया है.'
इसके साथ ही बीजेपी ने उस नेता को भी टिकट दिया है जिसने बिलकिस बानों के बलात्कारियों को 'संस्कारी ब्राहम्ण' कहा था. राज्य के पूर्व मंत्री चंद्रसिंह राउलजी को गोधरा सीट से टिकट मिला है. वह छह बार से गोधरा के विधायक हैं.
राउलजी गुजरात सरकार की उस कमेटी में भी शामिल थे, जिसने बिलकिस बाने केस से जुड़े सभी 11 दोषियों की रिहाई का फैसला दिया था. इन बलात्कारियों की रिहाई के बाद चंद्रसिंह राउलजी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘वे ब्राह्मण हैं और ब्राह्मणों को अच्छे संस्कार के लिए जाना जाता है’. राउलजी पहले कांग्रेस में थे और साल 2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे.
गुजरात चुनाव के लिए बीजेपी ने अभी तक कुल 160 उम्मीदवारों की सूची जारी की है. इनमें 14 महिलाएं, 13 अनुसूचित जाति, 14 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार हैं. इस लिस्ट में 69 उम्मीदवारों को फिर से टिकट दिया गया है. गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे.
नेता नगरी: गुजरात चुनाव पर मोरबी हादसे का कितना असर पड़ेगा?

.webp?width=60)

