कर्नाटक चुनाव: BJP ने आखिरकार उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, पूर्व CM का पत्ता काट दिया
बसवराज बोम्मई को एक बार फिर शिगगांव से टिकट दिया गया है.

कर्नाटक चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट आ गई है. पार्टी ने कुल 189 उम्मीदवारों का ऐलान किया है. 189 में से 52 नए उम्मीदवार हैं. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को एक बार फिर शिगगांव से टिकट दिया गया है. लिस्ट में 32 उम्मीदवार OBC, 16 ST और 30 उम्मीदवार SC कैटेगरी के हैं. उम्मीदवारों की इस लिस्ट में 8 महिलाओं के नाम हैं.
वहीं कई सिटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं. पूर्व डिप्टी CM लक्ष्मण सवाडी को अथनि से टिकट नहीं दिया गया है. इस लिस्ट में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार का भी नाम नहीं है. शेट्टार छह बार के विधायक हैं. बी एस येदियुरप्पा के वफ़ादार माने जाते हैं. और 2012 में जब राज्य भाजपा खनन विवाद में फंसी, तब वो डी वी सदानंद गौड़ा की जगह कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे.
11 अप्रैल की शाम को उन्होंने एक प्रेस मीट की. यहीं उन्होंने खुलासा किया कि ऐन टाइम पर आलाकमान ने उन्हें आगामी चुनाव न लड़ने के लिए कहा है. शेट्टार ने कहा,
"मैं बहुत निराश हूं. मैंने पार्टी के लिए 30 साल से ज़्यादा काम किया है और पार्टी को खड़ा किया है. वो मुझे 2-3 महीने पहले सूचित कर सकते थे. तब मैंने इसे स्वीकार कर लिया होता. लेकिन नामांकन दाखिल करने से कुछ दिन पहले मुझे चुनाव न लड़ने की सूचना दी गई है. मैंने पहले ही निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार शुरू कर दिया है. जब उन्होंने मुझे चुनाव लड़ने से मना किया, तो मैंने उन्हें बता दिया कि मैं किसी भी कीमत पर चुनाव तो लड़ूंगा ही. मैंने उनसे पूछा है कि क्या सत्ता-विरोधी लहर है या कोई आरोप है? मुझे विश्वास है कि वे मेरे अनुरोध पर विचार करेंगे."
इंडिया टुडे के मुताबिक लिस्ट जारी होने के बाद जगदीश शेट्टार ने कहा कि उनका नाम पहली लिस्ट में होना चाहिए था, लेकिन नहीं है. उन्होंने बताया कि वो इस पर बातचीत करने के लिए दिल्ली जाएंगे.
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा के बेटे बी.वाई विजयेंद्र को शिकारीपुरा सीट से टिकट दिया गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि चिकमगलूर सीट से चुनाव लड़ेंगे. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ सुधाकर के चिक्काबल्लापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे. डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से चुनाव लड़ेंगे. वहीं आर अशोक 2 सीटों- पद्मनाभनगर और कनकपुरा से चुनाव लड़ेंगे.
लिस्ट में 31 पीएचडी होल्डर हैं. 31 उम्मीदवारों के पास पोस्ट-ग्रैजुएट हैं. इसके अलावा लिस्ट में 8 डॉक्टर और कई सोशल एक्टिविस्ट शामिल हैं. BJP ने एक रिटायर्ड IAS और एक IPS अधिकारी को भी टिकट दिया है.
इंडिया टुडे के नागार्जुन द्वारकानाथ की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार नये चेहरों को मौका देने की बात पर जोर दिया था. PM मोदी ने दागी नेताओं से दूरी बनाने और परिवारवाद को बढ़ावा नहीं देने की बात कही थी.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मीटिंग में पेश की गई उम्मीदवारों की पहली लिस्ट से कथित तौर पर PM मोदी और BJP के आलाकमान नाराज थे. PM ने पार्टी इकाई को लिस्ट पर फिर से विचार करने के लिए कहा था.
कर्नाटक चुनाव के लिए 13 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 20 अप्रैल तक नामांकन किया जा सकेगा. वहीं 10 मई को वोटिंग होगी और 13 मई को चुनाव का रिजल्ट आएगा. इस बार कर्नाटक के चुनावी मैदान में आम आदमी पार्टी (AAP) भी उतरी है. AAP ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. AAP की तरफ से उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की जा चुकी है. वहीं कांग्रेस भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है.
वीडियो: मास्टर क्लास: कर्नाटक चुनाव से पहले मुस्लिम 'छिना', CM बोम्मई ने ये वजह बताई

.webp?width=60)

