भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को पीछे छोड़ा, रुझानों में बड़ा उलटफेर
West Bengal Election Results 2026: भवानीपुर सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का सीधा मुकाबला बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) से है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझान आने शुरु हो चुके हैं. भवानीपुर सीट (Bhabanipur Election Result 2026) इस चुनाव की सबसे हाई प्रोफाइल सीट बनी हुई है. इस सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी से है. इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) के मुताबिक, ममता बनर्जी सुवेंदु अधिकारी से 1200 वोटों से पीछे चल रही हैं.
भवानीपुर सीट से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने श्रीजीब बिस्वास को मैदान में उतारा है. जबकि कांग्रेस की तरफ से प्रदीप प्रसाद मैदान में हैं. लेकिन असली मुकाबला ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच ही है. चुनाव आयोग के सूत्रों से मिले आंकड़ों से पता चलता है कि भवानीपुर में SIR के तहत लगभग 47,000 वोट हटाए गए हैं.
पिछले चुनाव में क्या रहा?तृणमूल कांग्रेस (TMC) साल 2011 से भवानीपुर सीट पर कभी नहीं हारी है. 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (AITC) के शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने बीजेपी के रुद्रनील घोष को 28,719 वोटों के अंतर से हराया था. चूंकि ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव हार गई थीं और उन्हें मुख्यमंत्री बने रहने के लिए विधायक बनना जरूरी था, इसलिए शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने भवानीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया ताकि वहां उपचुनाव हो सके.
सितंबर 2021 में हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी ने रिकॉर्ड 58,835 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जहां उन्होंने बीजेपी की प्रियंका टिबरेवाल को हराया था.
2016 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने इस सीट से चुनाव लड़ा था. उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी दीपा दासमुंशी (कांग्रेस) थे. बनर्जी ने 25,301 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. उन्हें लगभग 47.67% वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस की दीपा दासमुंशी को 29.26% और बीजेपी के चंद्र कुमार बोस को 19.14% वोट मिले थे.
सुवेंदु अधिकारी कौन हैं?सुवेंदु अधिकारी ने अपने करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन बाद में वे तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए. दिसंबर 2020 में, उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी (TMC) छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए. 2021 के विधानसभा चुनावों में, सुवेंदु ने नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 1,956 मतों के अंतर से हराया था. वर्तमान में वे इसी क्षेत्र से विधायक (MLA) हैं.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से जुड़े सारे अपडेट्स यहां देखिए
एग्जिट पोल क्या कहता है?इंडिया टुडे ने सात एग्जिट पोल्स को मिलाकर पोल ऑफ एग्जिट पोल्स किया है. इसमें जेवीसी, पी-मार्क, मैट्रिज, पीपुल्स पल्स, चाणक्य स्ट्रैटेजीज, पोल डायरी और जनमत पोल्स एजेंसी के सर्वे शामिल हैं. पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के लिहाज से बंगाल में ममता बनर्जी सत्ता में बनी रहेंगी. लेकिन बीजेपी भी ज्यादा पीछे नहीं है. ‘पोल ऑफ एग्जिट पोल्स’ के मुताबिक TMC को 147 सीटें मिल सकती हैं तो बीजेपी को 137 सीटें मिलने का अनुमान है. कांग्रेस और लेफ्ट के खाते में 2-2 जबकि अन्य को 6 सीटें मिल सकती हैं.
वीडियो: नेतानगरी: क्या एग्जिट पोल फिर होंगे फेल? ममता बनर्जी लौटेंगी या अमित शाह का दांव चलेगा?

