The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Business
  • trump musk feud led tesla share fall us stock market

ट्रंप से 'तू-तू मैं-मैं' करके मस्क ने टेस्ला का कितना कूंडा करा लिया?

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के बीच जारी झिकझिक का टेस्ला के शेयरों पर भारी असर पड़ रहा है. कंपनी के शेयर बीते 5 में से 4 दिन लगातार गिरे हैं. 5 जून को कंपनी के शेयर 14 फीसदी से ज्यादा टूटकर बंद हुए.

Advertisement
elon musk and trump feud caused tesla share fall
वाइट हाउस एड ने मामले को संभालने के लिए सीईओ एलन मस्क के साथ कॉल शेड्यूल की है. (तस्वीर- एपी)
pic
उपासना
6 जून 2025 (Updated: 6 जून 2025, 06:21 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

ऐसा लगा रहा है कि डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) और एलन मस्क (Elon Musk) के ‘ब्रेकअप’ का सबसे ज्यादा खामियाजा टेस्ला के शेयरहोल्डर्स (Tesla Shares) को भुगतना होगा. 5 जून को इलेक्ट्रिक गाड़ी बनाने वाली टेस्ला के शेयर 14% से ज्यादा लुढ़क गए. अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज (US stock exchange) पर एक शेयर का भाव 14.26% नीचे जाकर 284.70 डॉलर पर बंद हुआ. बीते 5 में से 4 कारोबारी सेशन में टेस्ला के शेयर लगातार गिरे ही हैं. बिजनेस पोर्टल मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक इस गिरावट से टेस्ला के निवेशकों को 150 अरब डॉलर (करीब 13 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है.

क्या है वजह?

एलन मस्क बीते कुछ समय से ट्रंप की जमकर आलोचना कर रहे हैं. वजह है, ट्रंप का टैक्स और सरकारी खर्च से जुड़ा नया फैसला. ट्रंप कह रहे हैं कि उन्होंने इलेक्ट्रिक गाड़ियों को मिलने वाली सब्सिडी खत्म कर दी है. इसलिए मस्क उनका विरोध कर रहे हैं. मस्क ने ट्रंप की आर्थिक नीतियों की आलोचना करना जारी रखा तो ट्रंप भी नहीं रुके. 

उन्होंने धमकी दी कि मस्क की कंपनियों को दिए कॉन्ट्रैक्ट कैंसिल कर देंगे. इस पर मस्क ने कहा कि ट्रंप पर महाभियोग चलाया जाना चाहिए. इसी तू-तू मैं-मैं का खामियाजा टेस्ला के शेयरहोल्डर्स झेल रहे हैं. कंपनी के शेयरों में गिरावट से मस्क की निजी संपत्ति में भी सेंध लगी है. फोर्ब्स के मुताबिक मस्क की कुल संपत्ति 27 अरब डॉलर (रुपये में 2.29 लाख करोड़) घटकर 388 अरब डॉलर (रुपये में 32.98 लाख करोड़) हो गई है.

टेस्ला में गिरावट का असर ओवरऑल अमेरिकी इंडेक्स पर भी देखा गया. नैसडैक कंपोजिट 162.04 अंक टूटकर 19,298.45 पर बंद हुआ. डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.25% घटकर 42,319.74 पर बंद हुआ. S&P 500 0.53% घटकर 5,939.30 पर बंद हुआ.

हालांकि, टेस्ला इस गिरावट के बुरे दिनों के बाद भी दुनिया की सबसे महंगी वैल्यूएशन वाली ऑटोमोबाइल कंपनी बनी हुई है. 4 जून को टेस्ला की मार्केट वैल्यू 1 लाख करोड़ डॉलर थी. जबकि, 290 अरब डॉलर की वैल्यूएशन के साथ टोयोटा मोटर्स दूसरे नंबर पर है.

शेयरहोल्डर्स को उम्मीद

खबर लिखते हुए एक नया अपडेट आया, जिससे कुछ उम्मीद जगी है. अमेरिकी बाजार गुरुवार 5 जून को बंद हो गए, लेकिन फ्रैंकफर्ट में 6 जून शुक्रवार को टेस्ला के शेयरों में तेजी देखी गई. इकॉनमिक टाइम्स ने पॉलिटिको के हवाले से छापा कि वाइट हाउस एड्स ने सीईओ एलन मस्क के साथ कॉल शेड्यूल की है. उम्मीद है कि ट्रंप और मस्क के बीच जारी किचकिच को शांत कराया जाएगा. अगर इस कॉल से पॉजिटिव डेवलपमेंट होते हैं तो टेस्ला के शेयरों में तेजी का दौर भी शुरू हो सकता है.

वीडियो: एलन मस्क और ट्रंप के बीच गजब की बहस हो गई, खुलकर सामने आई तनातनी

Advertisement

Advertisement

()