शरद पवार अडानी से मिले, इधर बेटी सुप्रिया के अडानी के करोड़ों के शेयर कौन खोज लाया?
शरद पवार और अडानी की मुलाकात और अब ये...

आज से ठीक 3 महीने पहले यानी 24 जनवरी 2023 को अमेरिकी फॉरेंसिक रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग ने उद्योगपति गौतम अडानी पर स्टॉक मैनुपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था. इन आरोपों के बाद अडानी समूह को काफी चोट पहुंची. इस मामले ने अब तक देश की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रखी है. कांग्रेस खासतौर से अडानी मामले को लेकर काफी आक्रामक नजर आई. अडानी की कथित शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ रुपये का मालिक कौन है, इसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कई बार सवाल किए और संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित कर जांच की मांग की.
कांग्रेस की इस मांग के बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने जेपीसी की जरूरत नहीं होने की बात कहकर राहुल गांधी का विरोध किया था. और अब एक बड़ी जानकारी सामने आई है. मुंबई तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के पास अडानी कंपनियों के 26 हजार 120 शेयर हैं. पवार के दामाद सदानंद सुले के पास भी अडानी समूह की कंपनियों के 18 हजार 977 शेयर हैं. यानी सुले दंपती के पास अडानी ग्रुप की कंपनी के 45 हजार से ज्यादा शेयर हैं.
अब इन शेयरों की कीमत क्या है?
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद सुले दंपति को कितना नुकसान हुआ है, ये भी जानते हैं. शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने अडानी समूह की कंपनियों में मोटा निवेश कर रखा है. रिपोर्ट के मुताबिक सुले ने अडानी की छह कंपनियों में हजारों शेयर खरीद रखे हैं. 2014 में सुप्रिया सुले के पास अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों के 21 हजार शेयर थे. उस समय इनकी कीमत 31 लाख 85 हजार 165 रुपये थी. इसके बाद से 2019 तक, उन्होंने 3 और कंपनियों में शेयर खरीदे हैं, जिससे अडानी समूह में सुले दंपति के शेयरों की संख्या में इजाफा हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रिया सुले ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे में अडानी की कंपनियों में अपने परिवार के पास मौजूद शेयरों की जानकारी दी थी.
हिंडनबर्ग रिपोर्ट से बड़ा झटकामुंबई तक के मुताबिक हिंडनबर्ग रिपोर्ट जारी होने से पहले इन शेयरों की कीमत 11 करोड़ 68 लाख रुपये थी. फिलहाल इस बात की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है कि सुप्रिया सुले के पास अभी भी ये शेयर हैं या नहीं. रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर सुप्रिया सुले के पास अब भी ये शेयर हैं तो शेयरों की कीमत 2 करोड़ 84 लाख रुपये होगी. क्योंकि हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद बाकी निवेशकों की तरह उन्हें भी बड़ा झटका लगा होगा.
इंटरव्यू में शरद पवार ने क्या कहा?
शरद पवार ने 7 अप्रैल को अडानी ग्रुप के चैनल NDTV को एक इंटरव्यू दिया था. इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि पहले टाटा-बिड़ला ग्रुप पर सरकार की आलोचना करने के आरोप लगते थे. लेकिन बाद में लोगों को अहसास हुआ कि इन दोनों ने देश के लिए बहुत योगदान दिया है. लेकिन अब अडानी-अंबानी को निशाने पर लिया जा रहा है.
पवार ने कहा कि जहां अंबानी ने पेट्रोकेमिकल और अन्य क्षेत्रों में भारी योगदान दिया, वहीं अडानी ने बिजली सहित अन्य क्षेत्रों में भारी योगदान दिया. देश को उनकी जरूरत है. शरद पवार ने कहा था कि अगर इस समूह ने कुछ गलत या गैरकानूनी काम किया है तो सभी को इस संबंध में सबूत पेश करने का अधिकार है. पवार ने यह भी दावा किया कि जेपीसी की मांग संभव नहीं है.
वीडियो: खर्चा पानी: Adani ग्रुप पहली बार करने जा रहा ये काम, GST माफी का सच बाहर आया!

.webp?width=60)

