गुजरात की 100 साल पुरानी कंपनी की आधी हिस्सेदारी खरीदेगी रिलायंस, क्या प्लान बना रहे हैं अंबानी?
ये कंपनी सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस का कारोबार करती है.

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL), गुजरात की कंपनी सोस्यो हजूरी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है. यह कंपनी कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस बनाने के बिजनेस में है.
रिलायंस रिटेल वेंचर लिमिटेड (RRVL) ने एक बयान में कहा कि यह अधिग्रहण ‘RCPL’ को अपने बेवरेजेस पोर्टफोलियो को बढ़ाने में सक्षम बनाएगा. इस जॉइंट वेंचर के जरिए रिलायंस बेवरेजेस सेगमेंट में अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा. रिलायंस पहले से ही प्रतिष्ठित ब्रांड कैम्पा का अधिग्रहण कर चुका है. RCPL, एफएमसीजी कंपनी है. यह रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) की सब्सिडियरी है.
1923 में हुई थी स्थापना1923 में अब्बास अब्दुलरहीम हजूरी ने सोस्यो ब्रांड की स्थापना की थी. इसी के तहत कंपनी अपना बेवरेजेस कारोबार करती है. सोस्यो हजूरी एक 100 साल पुरानी कंपनी है. यह कंपनी कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स (CSD)और जूस के कारोबार में देश की प्रमुख कंपनियों में है. कंपनी घरेलू सॉफ्ट ड्रिंक मार्केट में अपना दबदबा रखती है. सोस्यो हजूरी बेवरेजेज कंपनी को अब्बास हजूरी के बेटे अलीसागर हजूरी चलाते हैं. उनके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में कई ब्रांड हैं जैसे सोस्यो, कश्मीरा, लेमी, गिनलिम, रनर, ओपनर, हजूरी सोडा आदि शामिल हैं.
50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा के बाद रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने कहा कि ये जॉइंट वेंचर हमारी उस सोच को दिखाता है जिसके तहत हम देश के स्थापित ब्रांड्स और स्थानीय कारोबारों को ग्रोथ के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं. हम 100 साल पुरानी कंपनी सोस्यो की विरासत को अपने पोर्टफोलियो में जोड़ रहे हैं. हमें विश्वास है कि इससे हमारे साथ नए ग्राहक जुड़ेंगे.
कंपनी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक मौजूदा प्रमोटर हजूरी फैमिली बाकी हिस्सेदारी के मालिक बने रहेंगे. इससे पहले पिछले साल अगस्त में रिलायंस रिटेल वेंचर्स ने दिल्ली के प्योर ड्रिंक्स से घरेलू सॉफ्ट ड्रिंक कैंपा को खरीद लिया था. रिलायंस के 45वें एजीएम के मौके पर कंपनी के मुखिया मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों के सामने ईशा का परिचय रिलायंस रिटेल के नेतृत्वकर्ता के तौर पर कराया था. इसके बाद से ईशा अंबानी कई बिजनेस डील कर चुकी हैं.
वीडियो: खर्चा-पानी: मुकेश अंबानी ऐसे करेंगे बच्चों को संपत्ति का बंटवारा?

