The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Business
  • reliance q4 results 2026 profit jio ipo mukesh ambani update

रिलायंस का मुनाफा 13% घटा, चौथी तिमाही में 16,971 करोड़ प्रॉफिट, क्या Jio IPO आ रहा?

Reliance Q4 Results 2026: चौथी तिमाही में रिलायंस का मुनाफा भले ही कम हुआ हो, लेकिन कंपनी का रेवेन्यू जरूर बढ़ा है. कंपनी की कुल कमाई 13% बढ़कर 2.98 लाख करोड़ रुपये हो गई है.

Advertisement
pic
25 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 01:48 PM IST)
Reliance Q4 Results 2026, Reliance Q4, Reliance, Mukesh Ambani,Reliance Mukesh Ambani, reliance jio, jio ipo, reliance jio ipo
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) मुकेश अंबानी. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) को इस बार कम मुनाफा हुआ है. कंपनी ने बताया कि 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी से मार्च 2026) में उसे 16,971 करोड़ रुपये का फायदा हुआ. पिछले साल इसी समय कंपनी को 19,407 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. यानी इस बार करीब 13% की गिरावट आई है.

अगर पिछली तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) से तुलना करें तो भी मुनाफा 8% कम हुआ है. उस समय कंपनी ने 18,645 करोड़ रुपये कमाए थे. हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है. चौथी तिमाही में रिलायंस की कुल कमाई 13% बढ़कर 2.98 लाख करोड़ रुपये हो गई. इस बीच रिलायंस ने निवेशकों को 6 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की भी सिफारिश की है.

शुक्रवार, 24 अप्रैल को एक मीडिया रिलीज में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) मुकेश अंबानी ने एक बयान में कहा,

"वित्त वर्ष 2026 के दौरान हमें भू-राजनीतिक परेशानियों, ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव और दुनिया के बदलते व्यापार माहौल का सामना करना पड़ा. इन चुनौतियों का असर दुनिया भर के कारोबार पर पड़ा. हमारे अलग-अलग बिजनेस और भारत पर ज्यादा ध्यान देने की वजह से हम इस मुश्किल माहौल से निपट पाए."

कंपनी की कमाई बढ़ने की बड़ी वजह उसके तीन बड़े बिजनेस रहे- ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C), डिजिटल सर्विस (जियो) और रिटेल. इन तीनों में अच्छी ग्रोथ हुई, लेकिन एनर्जी बिजनेस में गिरावट से असर पड़ा.

Jio IPO पर बड़ा अपडेट

मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो के IPO (इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग) को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग की तैयारी तेजी से चल रही है और यह कंपनी के लिए बहुत बड़ा कदम होगा. बयान में मुकेश अंबानी ने कहा,

"मुझे खुशी है कि हम जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं. यह इसकी यात्रा में एक अहम मील का पत्थर होगा."

reliance jio
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मीडिया रिलीज. (Reliance)

इकोनॉमिक्स टाइम्स (ET) की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस मई के आसपास आईपीओ के लिए जरूरी कागज जमा कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह भारत का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है. जियो का बिजनेस भी मजबूत रहा. इस तिमाही में जियो की कमाई 13% बढ़कर 44,928 करोड़ रुपये हो गई और मुनाफा भी 13% बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये पहुंच गया.

रिटेल बिजनेस भी बढ़ा

रिलायंस का रिटेल कारोबार भी आगे बढ़ रहा है. इस तिमाही में इसका मुनाफा 0.5% बढ़कर 3,563 करोड़ रुपये हो गया. वहीं कमाई 11% बढ़कर 87,344 करोड़ रुपये हो गई. कंपनी ने इस दौरान 333 नए स्टोर खोले और अब कुल स्टोर की संख्या 20,160 हो गई है. ग्राहकों की संख्या भी बढ़कर 38.7 करोड़ हो गई.

वीडियो: खर्चा-पानी: ईरान जंग की वजह से कॉन्डम महंगे हो जाएंगे?

Advertisement

Advertisement

()