The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Business
  • NDTV Says SEBI Permission Required To Stake Claim By Adani Group

NDTV को नहीं खरीद पाएगा अडानी ग्रुप? यहां फंस गई है डील!

अडानी ग्रुप ने 23 अगस्त को अप्रत्यक्ष तरीके से NDTV के 29.18 फीसदी शेयर खरीदने की बात कही थी और 26 फीसदी अतिरिक्त शेयर्स के लिए ओपन ऑफर लाने का ऐलान किया था.

Advertisement
pic
25 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 26 अगस्त 2022, 11:56 AM IST)
SEBI nod required to acquire NDTV shares Adani Group
NDTV और Adani Group की डील में पेच फंस गया है. (फोटो: सोशल मीडिया)
Quick AI Highlights
Click here to view more

NDTV के प्रमोटर ग्रुप ने 25 अगस्त को एक रेग्युलेटरी फाइलिंग में बताया कि अडानी ग्रुप बिना SEBI की मंजूरी के उसके नियंत्रण वाली कंपनी की 99.5 फीसदी हिस्सेदारी को अधिग्रहित करने की डील पूरी नहीं कर पाएगा. NDTV के प्रमोटर ग्रुप के पास RRPR कंपनी के तहत कंपनी में 29.18 फीसदी की हिस्सेदारी मौजूद है. अडानी समूह के मीडिया आर्म AMG मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड ने विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) कंपनी के जरिए RRPR ग्रुप में अप्रत्यक्ष तौर पर 99.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की बात कही थी. साथ ही साथ NDTV के अतिरिक्त 26 फीसदी शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाने का ऐलान किया था.

RRPR प्रणय रॉय और राधिका रॉय के मालिकाना हक वाली कंपनी है. प्रणय रॉय और राधिका रॉय NDTV के प्रमोटर्स और फाउंडर्स हैं. NDTV के प्रमोटर ग्रुप की तरफ से रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा गया कि SEBI ने 27 नवंबर 2020 को प्रणय रॉय और राधिका रॉय को सिक्योरिटी मार्केट से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था. यानी ये दोनों 27 नवंबर, 2022 तक सिक्योरिटी मार्केट में ना तो कुछ खरीद सकते हैं और ना ही कुछ बेच सकते हैं. ऐसे में उनके मालिकाना हक वाली RRPR के साथ कोई डील नहीं हो सकती.

Adani Group ने नहीं दी प्रतिक्रिया

इधर इस रेग्युलेरटरी फाइलिंग पर अडानी समूह की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. इससे पहले समूह ने बताया था कि उसने VCPL को अपने मीडिया आर्म AMG मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड के जरिए 113.75 करोड़ रुपये में खरीदा. इधर VCPL की तरफ से कहा गया था कि उसने RRPR में 99.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है.

इधर NDTV की तरफ से कहा गया था कि RRPR में हिस्सदारी खरीदने के लिए VCPL ने अपने अधिकार का प्रयोग किया है, लेकिन प्रमोटर्स प्रणय रॉय और राधिका रॉय की सहमति के बिना. NDTV की तरफ से ये भी कहा गया कि VCPL ने ऐसा करने से पहले प्रमोटर्स से कोई चर्चा नहीं की. NDTV की तरफ से कहा गया कि VCPL को ये अधिकार 2009-10 के एक लोन एग्रीमेंट के तहत मिला था. स्टॉक एक्सचेंज को NDTV ने बताया था कि उसे VCPL की तरफ से नोटिस मिला है, जिसमें दो दिन के अंदर RRPR के इक्विटी शेयर VCPL को ट्रांसफर करने की बात कही गई है.

इस बीच इस पूरी उथल पुथल के बीच NDTV के शेयर्य में उछाल जारी है. कंपनी के शेयर्स में लगभग पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई और 25 अगस्त को ये 403.70 रुपये पर पहुंच गए. इससे पहले 24 अगस्त को पांच फीसदी बढ़ोतरी के साथ ये 384.50 रुपये पर बंद हुए थे. 23 अगस्त को भी पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी. पिछले सात दिनों में NDTV के शेयरों में छह बार बढ़ोतरी हुई है. 

(ये स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहीं शिवानी ने लिखी है.)

वीडियो- अडानी ग्रुप खरीदेगा NDTV में बड़ी हिस्सेदारी?

Advertisement

Advertisement

()