होम लोन बैलेंस ट्रांसफर से लाखों कैसे बचाएं? पूरा गणित जान लीजिए, फायदे में रहेंगे
अगर आपने होम लोन ले रखा है और आपको लगता है कि जिस बैंक से आपने कर्ज लिया है उसकी ब्याज दरें ज्यादा हैं या बैंक आपको बेहतर सर्विसेज नहीं दे रहा है तो आपके पास एक अच्छा विकल्प है

अगर आपने होम लोन ले रखा है और आपको लगता है कि जिस बैंक से आपने कर्ज लिया है, उसकी ब्याज दरें ज्यादा हैं या बैंक आपको बेहतर सर्विसेज नहीं दे रहा है तो आपके पास एक अच्छा विकल्प है. अब आप अपने होम लोन का बैलेंस किसी दूसरे बैंक में ट्रांसफर करा सकते हैं. ऐसा करने से आपको लाखों रुपये की ईएमआई (मंथली किस्त) कम भरनी पड़ सकती है. अब सवाल यह है कि इससे आपको कितना फायदा हो सकता है. तो पहले ये समझते हैं कि होम लोन बैंलेंस ट्रांसफर क्या है? साथ ही अपना होम लोन दूसरे बैंक में ट्रांसफर कराने से कितना फायदा हो सकता है?
क्या है होम लोन ट्रांसफर ?होम लोन बैलेंस ट्रांसफर अपने लोन को दूसरे बैंक ट्रांसफर करने की सुविधा है. एक तरह से नया बैंक आपको होम लोन रीफाइनेंसिंग की सुविधा देता है. इसे लोन स्विच करना भी कहते हैं. इसमें नया बैंक आपके पुराने बैंक के बकाये होम लोन की रकम चुका देता है. फिर आप उसी रकम को नए बैंक को आमतौर पर कम ब्याज दर पर चुकाते हैं. लोग इस सुविधा को काफी पसंद कर रहे हैं. इस वजह से बैंक भी होम लोन बैलेंस ट्रांसफर कराने वाले लोगों को अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों पर कर्ज ऑफर कर रहे हैं. अब बात आपके फायदे की करते हैं और समझते हैं कि होम लोन स्विच करने से कितना लाभ हो सकता है?
दिल्ली यूनीवर्सिटी के माता सुंदरी कॉलेज में अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सिद्वार्थ राठौर ‘दी लल्लनटॉप’ से बातचीत में कहते हैं कि होम लोन बैलेंस ट्रांसफर कराने से आपके होम लोन की दरें कम हो जाती है और ग्राहकों के पैसे बचते हैं. उन्होंने बताया कि होम लोन स्विच करने का सीधा फायदा यह होता है कि आपकी हर महीने कटने वाली होम लोन की किस्त यानी आपकी ईएमआई कम हो सकती है.
चूंकि होम लोन लंबी अवधि के लिए लिए जाते हैं, ऐसे में लंबी अवधि में लाखों रुपये की बचत की जा सकती है. उदाहरण के तौर पर मान लीजिए आपको 50 लाख का होम लोन 20 साल के लिए 8% ब्याज दर पर लिया है. इस इंटरेस्ट रेट पर आपकी ईएमाई करीब 41 हजार 800 रुपये बनेगी.
सिद्वार्थ राठौर आगे बताते हैं कि अब अगर आप अपना होम लोन बैलेंस ट्रांसफर कराते हैं. नया बैंक आपको 7.5% के ब्याज दर की पेशकश करता है तो आपकी EMI घटकर लगभग 40,300 रुपये रह जाती है. यानी हर महीने आपकी होम लोन की किस्त 1,500 रुपये कम हो जाती है. लेकिन ये तो हर महीने की बचत हुई. जब आप इसे पूरे 20 साल (240 महीने) के लिए कैलुकुलेट करते हैं तो करीब 4 लाख की बचत होती है.
सिद्वार्थ राठौर के मुताबिक कुछ बैंक तो होम लोन स्विच कराने पर एक परसेंट तक ब्याज दर में छूट की पेशकश करते हैं. ऐसे में मान लें कि 50 लाख का होम लोन 20 साल के लिए आपने 8% ब्याज पर लिया है लेकिन बैलेंस ट्रांसफर के बाद नया बैंक आपको 7% की दर ऑफर कर देता है. पुराने ब्याज दर पर आपकी EMI करीब 41,800 बनती है तो 7% की ब्याज दर के मामले में यह घटकर लगभग 38,800 रुपये के आसपास आ जाती है. यानी हर महीने करीब 3,000 रुपये की बचत होने लगती है. अब अगर इस बचत को पूरे 20 साल में देखें तो 7 से 7.5 लाख रुपये की कुल बचत हो सकती है.
ये भी पढ़ें: नहीं रुलाएगा होम लोन, बस ये 5 गलतियां मत करना
और भी हैं कई फायदेफाइनेंस एक्सपर्ट शरद कोहली का कहना है कि बैलेंस ट्रांसफर के जरिए आप न सिर्फ अपनी ब्याज दर को कम कर ईएमआई घटाकर लाखों रुपये की बचत कर सकते हैं, बल्कि नए बैंक आपको कई नई सुविधाएं भी दे सकते हैं. उनका कहना है कि नया बैंक आपको ज्यादा फ्लेक्सिबल लोन चुकाने (रीपेमेंट) की सुविधा दे सकते हैं. जैसे जीरो प्रीपेमेंट चार्ज वगैरह. इसके अलावा यह आपके लिए एक अच्छा मौका होता है कि आप अपनी मौजूदा वित्तीय स्थिति के अनुसार अपने होम लोन के टेन्योर (लोन की अवधि) को फिर से तय कर सकें.
अगर आपको घर की मरम्मत, नया फर्नीचर खरीदने या किसी निजी खर्च को पूरा करने के लिए अतिरिक्त पैसों की जरूरत है तो आप बैलेंस ट्रांसफर के साथ टॉप-अप लोन भी ले सकते हैं. नया बैंक आपको आपके मौजूदा होम लोन के अलावा और पैसे दे सकता है. टॉप-अप लोन की खास बात यह है कि इसकी ब्याज दर आमतौर पर बैंकों की तरफ से बांटे जाने वाले पर्सनल लोन से कम होती है और इसके लिए अलग से लंबी अप्रूवल प्रक्रिया भी नहीं होती.
वीडियो: होम लोन लेते समय ये 5 गलती करने से बचें

.webp?width=60)
