Budget 2026: बंगाल से असम तक चुनाव से पहले इन 5 राज्यों को क्या-क्या मिला?
Budget 2026: 1 फरवरी को केंद्र सरकार ने आम बजट पेश किया है. इसमें चुनावी राज्यों केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के लिए भी कई बड़े ऐलान किए गए हैं.

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने साल 2026 का आम बजट पेश किया है और लोग खोजने लगे हैं कि चुनावी राज्यों के लिए केंद्र सरकार ने इस बार क्या सौगात दी है? 2026 में पांच राज्यों केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की विधानसभा का कार्यकाल मई में खत्म होने वाला है. इस साल यहां चुनाव होने हैं. साल 2021 में इन पांचों राज्यों में मार्च-अप्रैल में चुनाव हुए थे. ऐसे में इस साल भी इसी पीरियड में यहां चुनाव होने की संभावना है.
आने वाले दिनों में ये पांचों राज्य बहुत तेजी से चुनावी मोड में जाने वाले हैं. उससे पहले ही 1 फरवरी को केंद्र सरकार ने आम बजट पेश किया है. इसमें इन राज्यों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए गए हैं. चलिए सबके बारे में बारी-बारी से जानते हैं.
सबसे पहले बात करते हैं पश्चिम बंगाल की.
केंद्र सरकार ने इस साल के अपने बजट में ऐलान किया है कि दानकुनि (ईस्ट) से सूरत (वेस्ट) तक एक नया डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे माल ढुलाई का काम आसान हो जाए. बता दें कि केंद्र सरकार स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क योजना की तरह मालगाड़ियों के परिवहन के लिए भी ऐसी ही रेलवे परियोजना बनाने की कोशिश में है. इसका मकसद माल ढुलाई को आसान और तेज बनाना है. इसमें मालगाड़ियों के लिए डेडिकेटेड रेलवे ट्रैक बनाए जाएंगे, जिससे उनके संचालन में किसी तरह की बाधा न हो.
इस प्रोजेक्ट के तहत ही बंगाल ले दानकुनि से गुजरात के सूरत तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया गया है.
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल को मिलने वाली सौगात में एक हाईस्पीड रेल लाइन है. बजट 2026 के मुताबिक, बंगाल के सिलीगुड़ी को वाराणसी से जोड़ने वाली एक हाई-स्पीड रेल लाइन बनाई जाएगी. साथ ही ईस्ट कोस्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी विकसित किया जाएगा, जिसमें बंगाल का दुर्गापुर एक अहम और अच्छी तरह जुड़ा हुआ केंद्र होगा.
तमिलनाडु की ओर चलते हैं.
बजट 2026 में ऐलान किया गया है कि तमिलनाडु, ओडिशा, केरल और आंध्र प्रदेश में रेयर अर्थ मिनरल्स के लिए विशेष कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इसके अलावा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित पुलिकट झील के आसपास पक्षी देखने के लिए ट्रेल्स (Trails) विकसित की जाएंगी. नारियल, काजू और कोको जैसी High Valued फसलों को बढ़ावा देने की बात भी बजट में कही गई है. इससे खासतौर पर तमिलनाडु और केरल के किसानों को फायदा होगा.
केरल की बात करें
तो यह भी रेयर अर्थ कॉरिडोर का हिस्सेदार होगा, जो ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से होकर जाएगी. ओडिशा, कर्नाटक के साथ-साथ केरल के तटीय इलाकों में कछुओं के संरक्षण के लिए ‘टर्टल ट्रेल्स’ विकसित किए जाएंगे. नारियल, काजू और कोको जैसी कीमती फसलों को समर्थन दिया जाएगा, जिससे केरल के किसानों को लाभ मिलेगा.
अंत में असम की बात.
असम के तेजपुर में NIMHANS-2 स्थापित किया जाएगा, जो मानसिक स्वास्थ्य और ट्रॉमा के इलाज के लिए होगा. NIMHANS यानी नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस मानसिक बीमारियों के इलाज के लिए देश का सबसे बेहतरीन अस्पताल है. अब इसकी एक शाखा असम में बनने वाली है. इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ-साथ असम में भी बौद्ध सर्किट के विकास की योजना शुरू की जाएगी, ऐसा बजट 2026 में कहा गया है.
पांचवे चुनावी राज्य पुडुचेरी के लिए कोई खास योजना का ऐलान बजट में नहीं किया गया है.
वीडियो: Budget 2026: बजट में STT का ऐलान होते ही क्यों गिरा शेयर मार्केट?

.webp?width=60)

