गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोपी रोहित गोदारा के भाई का वीडियो वायरल, क्या कहा और कब कहा?
Lawrence Bishnoi गैंग से जुड़े रोहित गोदारा के भाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें वो रो रहे हैं और युवाओं से अपील कर रहे हैं कि वे IAS-IPS को अपना आइकन बनाएं ना कि रोहित गोदारा जैसे लोगों को.

राजस्थान में चुनाव परिणाम (Rajasthan Elections Result) आने के दो दिन के भीतर ही राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई (Sukhdev Singh Gogamedi Murder). गैंगस्टर रोहित गोदारा (Rohit Godara) ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है. अब सोशल मीडिया पर रोते हुए एक व्यक्ति का वीडियो वायरल है. ये शख्स युवाओं से आईएएस-आईपीएस को अपना आइकन बनाने की बात कर रहा है. साथ ही कह रहा कि उसका भाई (रोहित) जब अपने परिवार का नहीं हुआ तो वो दूसरों का क्या होगा. इसे शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नज़र आ रहा शख्स रोहित गोदारा का भाई है और उसने सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के बाद वीडियो जारी किया.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया, “रोहित गोदारा का भाई आया सामने, रखी अपनी बात.”
इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने ‘X’ पर भी वायरल वीडियो को शेयर किया है, जिसे आप यहां और यहां देख सकते हैं.
पड़तालक्या रोहित गोदारा के भाई का वायरल वीडियो सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद का है? इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने फेसबुक पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किए. यहां कुछ यूजर्स ने बताया कि वायरल वीडियो अभी का नहीं है.
हमें फेसबुक पर Ajay Thori नाम के एक यूजर की प्रोफाइल पर 15 दिसंबर, 2022 को अपलोड किया गया एक पोस्ट मिला. इसमें अभी हो रहा वायरल वीडियो मौजूद है. कैप्शन में लिखा है, “रोहित गोदारा (स्वामी) के बड़े भाई हड़मानदास स्वामी का वीडियो देखें, वो क्या बोले.”
इससे यह तो साफ है कि वीडियो एक साल पहले से इंटरनेट पर मौजूद है. इस बात की पुष्टि हमें कई और वीडियो से भी मिली. जैसे Zee Rajasthan के आधिकारिक अकाउंट से दिसंबर, 2022 में इस वीडियो को ट्वीट किया गया था. इसमें बताया गया था कि गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या से जुड़े मामले में रोहित गोदारा का नाम आ रहा था. उस वक्त उनके भाई का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने रोहित गोदारा का विरोध किया था.
बीते साल 3 दिसंबर को राजू ठेहट की राजस्थान के सीकर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड की भी जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने ली थी. हत्या के बाद रोहित के भाई हनुमान स्वामी ने वीडियो जारी करके लोगों से अपील की थी. साल बदला. 5 दिसंबर. राजस्थान में फिर एक बार खौफनाक हत्या हुई. जिम्मेदारी फिर से रोहित गोदारा ने ली. लेकिन इस बार रोहित के भाई का जो वीडियो वायरल हो रहा है वो पुराना वाला ही है.
नतीजाकुलमिलाकर, गैंगस्टर रोहित गोदारा के भाई का एक साल पुराना वीडियो अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है.
वीडियो: पड़ताल: वसुंधरा राजे का रविंद्र सिंह भाटी को फोन लगाने की सच्चाई जान लें

.webp?width=60)

