The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • INDvAUS 3rd Test Team India Manages to draw Sydney test after all the antics of Steve Smith Matthew Wade and Tim Paine

हार-जीत के नशे से दूर एक ईमानदारी का मैदान है, कंगारू वहां आपको कभी नहीं मिलते

सिडनी में लोगों की नज़रों में गिरकर क्या पा गई स्मिथ एंड कंपनी?

Advertisement
pic
11 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 12 जनवरी 2021, 10:30 AM IST)
Img The Lallantop
Steve Smith, Tim Paine और Matthew Wade इन तीनों ने Sydney Test में तमाम घटिया हरकतें की, लेकिन मैच फिर भी नहीं जीत पाए (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
Sydney Test. साल 2021 की शुरुआत में टीम इंडिया ने इसे झमकउआ कीवर्ड बना दिया. जहां देखो, इसी की बात चल रही है. बात चलेगी ही. टीम ने काम ही ऐसा किया है. सिडनी की चौथी पारी में पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लॉयन के आगे 131 ओवर खेलना. स्टीव स्मिथ की बेईमानी, टिम पेन और मैथ्यू वेड की बदतमीजी झेलना आसान काम थोड़े है.
वैसे तो इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अच्छा खेल दिखाया. बैटिंग और बोलिंग दोनों में उन्होंने टीम इंडिया को काफी देर तक दबाकर रखा. इसके लिए उनकी खूब सराहना भी हुई. लेकिन पांचवे दिन मैदान पर जो कुछ भी हुआ, उसने आम क्रिकेट प्रेमियों को बहुत निराश किया. अगर आपने सिडनी टेस्ट का पांचवा दिन पूरी शिद्दत से देखा हो, तो आप जानते ही होंगे. नहीं देखा तो कोई नहीं, दी लल्लनटॉप है ना. हम बताते हैं आपको. # स्मिथ की Cheating स्टीव स्मिथ. सिडनी टेस्ट की पहली पारी में सेंचुरी. दूसरी पारी में हाफ सेंचुरी. इनकी तारीफों में हमने काफी कुछ लिखा. तमाम क्रिकेट फैंस ने इनकी फॉर्म वापसी को पर्सनल अचीवमेंट जैसे सेलिब्रेट किया. हाल ही में ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द डेकेड चुने गए स्मिथ के खेल के प्रशंसक पूरी दुनिया में हैं.
तभी तो बॉल टेम्परिंग मामले में उनका नाम आने पर लोगों को बहुत बुरा लगा था. लोग तो यह मानने के लिए तैयार ही नहीं थे कि स्मिथ ऐसा भी कुछ कर सकते हैं. लेकिन स्मिथ ने रोते हुए अपनी गलती स्वीकारी. एक साल का बैन झेला और फिर वापसी की. इस वापसी के बाद उनका खूब स्वागत हुआ. लोगों को लगा कि अब स्मिथ स्पोर्ट्समैनशिप दिखाएंगे. खेल को खेल की तरह खेलेंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं. सिडनी टेस्ट के पांचवें दिन स्मिथ ने फिर बेईमानी की. लंच से पहले हुए ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान सैंडपेपर गेट वाले स्टीव स्मिथ चलते हुए क्रीज़ पर आए. ऋषभ पंत के बैटिंग गार्ड पर खड़े हुए. कुछ सेकेंड इधर-उधर देखा. फिर अपने जूते से पंत का गार्ड खुरचने लगे. स्मिथ ने अपने जूतों से खुरचकर पंत का गार्ड मिटा दिया. हालांकि पंत को इस बात से कोई फ़र्क नहीं पड़ा. वह वापस आए और दोबारा से गार्ड लेकर अपनी पारी वहीं से शुरू कर दी.
लेकिन इस बात का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने स्मिथ को जमकर लताड़ा. ट्विटर पर काफी देर तक Cheating ट्रेंड होता रहा. लोगों ने इस बात पर हजारों ट्वीट्स कर अपनी बात रखी. # Wade की दुष्टता मैथ्यू वेड. ऑस्ट्रेलिया के पटर-पटर करने वाले प्राणी. बैटिंग इनसे हो नहीं पाती और कीपिंग पेन के रहते इन्हें मिलेगी नहीं. ऐसे में ये अपना खाली वक्त प्लेयर्स से बदतमीजी करने में बिताते हैं. पिछले टेस्ट में ऋषभ पंत पर छींटाकशी करने वाले पेन ने इस मैच में तो हद ही पार कर दी.
Chattering Animal Meme 800
अवेंजर्स इन्फिनिटी वॉर में ही टिन पेन से ये सवाल पूछ लिया गया था (स्क्रीनग्रैब)

उन्होंने कम से कम दो बार रवि अश्विन और हनुमा विहारी से बदतमीजी कर उनका ध्यान भंग करने की कोशिश करी. अपनी पारी के दौरान अश्विन ने एक बॉल डिफेंड दी. बॉल टप्पा खाकर वेड के पास पहुंची. वो उसे कलेक्ट करने में नाकाम रहे. बॉल छिटककर अश्विन की ओर वापस बढ़ी. इतने में वेड एकदम से अश्विन पर झपटे, जैसे मारपीट ही कर लेंगे. ये देख अश्विन ने उनकी ओर एक कदम बढ़ाया. तब तक पीछे से आकर डेविड वॉर्नर ने वेड के सिर पर थपकी दे दी. इस थपकी पर उन्होंने ऐसे रिएक्ट किया जैसे किसी ने उनको जोर से मार दिया हो.
जैसे इतना ही काफी नहीं था. फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे वेड ने हनुमा विहारी के साथ तो और ज्यादा बदतमीजी कर दी. हैमस्ट्रिंग से जूझ रहे विहारी भागकर रन लेने से बच रहे थे. इसी हाल में उन्होंने एक बॉल डिफेंड की. बॉल वेड की ओर गई जिसे उन्होंने उछल कर पकड़ा. विहारी ने बॉल डिफेंड करने के बाद क्रीज़ छोड़ने का इरादा भी नहीं जाहिर किया था.
लेकिन वेड को इससे क्या फ़र्क पड़ता. उन्हें तो बदतमीजी करनी थी. तो उन्होंने बॉल पकड़ी और सीधे विहारी के चोटिल पैर पर मार दी. विहारी इस घटना से भौचक रह गए. वेड ने सिडनी टेस्ट के पांचवे दिन ऐसी कई हरकतें की, जो स्पोर्टमैनशिप पर सीधा प्रहार हैं. # Paine का Pain स्टीव स्मिथ सैंड पेपर कांड के बाद टिम पेन ऑस्ट्रेलिया के कप्तान बने. उनकी कप्तानी में कंगारुओं ने एक बुरे अध्याय से वापसी की. देश-विदेश में बेहतरीन प्रदर्शन किया. अपनी लीडरशिप के लिए खूब तारीफ भी बटोरी. लेकिन सिडनी टेस्ट के पांचवें दिन उन्होंने भी दिखा दिया उनका चाल-चरित्र और चेहरा प्योर ऑस्ट्रेलियन है.
पांचवें दिन पेन ने अश्विन के साथ खूब बदतमीजी की. उनके द्वारा अश्विन को दी गई गालियां स्टंप माइक में साफ पकड़ आईं. सिडनी टेस्ट के पांचवे दिन शाम के वक्त नाथन लॉयन बोलिंग कर रहे थे. और अश्विन के इर्द-गिर्द खड़े ऑस्ट्रेलियन प्लेयर्स उनका ध्यान भटकाने की कोशिशों में लगे थे. लेकिन जैसे-जैसे ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीद हल्की पड़ने लगी, पेन की फ्रस्ट्रेशन बढ़ने लगी. इसी फ्रस्ट्रेशन में उन्होंने कहा,
'गाबा टेस्ट के लिए और इंतजार नहीं कर सकता.'
अश्विन ने पलटते हुए तुरंत जवाब दिया,
‘तुम्हें भारत में देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता, वह तुम्हारी आखिरी सीरीज होगी.’
इस पर पेन ने कहा,
'शायद, तुम यहां सेलेक्टर भी हो क्या? कम से कम मेरे टीममेट मुझे पसंद तो करते हैं' एक भद्दी गाली देते हुए पेन ने आगे कहा,
'मेरे पास तुमसे कहीं ज्यादा भारतीय मित्र हैं. यहां तक कि तुम्हें साथियों को भी लगता है कि तुम बेकार हो. है कि नहीं? हर एक की यही राय है.'
इस पर अश्विन क्रीज़ से हट गए. और बोले,
'तुम्हारा हो जाए तो बताना.'
पेन ने कहा,
'मैं पूरे दिन बात कर सकता हूं. तुम बस गाबा पहुंचने तक इंतजार करो.'
अगली बॉल के बाद पेन ने फिर से अश्विन पर कमेंट किया उन्होंने कहा,
'जब तुमने सारी IPL टीमों से खुद को खरीदने की गुजारिश की, तो कितनी टीमें तुम्हें चाहती थीं? मैं भारत में एक सीरीज पहले ही खेल चुका हूं... मेरा ऐवरेज मुझे याद नहीं आ रहा, 60 के आसपास है शायद.'
ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर्स पहले भी ऐसी हरकतों के लिए कुख्यात रहे हैं. पहले ये हरकतें ये कहकर डिफेंड होती थीं कि ये उनका स्टाइल है. लेकिन बॉल टेम्परिंग (सैंड पेपर गेट) के बाद कहा गया कि अब ऑस्ट्रेलिया मैदान के अंदर तुच्छ हरकतों की जगह खेल पर ध्यान देगा. खेल से लोगों को परेशान करेगा, हरकतों से नहीं.
लेकिन सिडनी में ऋषभ पंत के काउंटर अटैक और फिर विहारी-अश्विन के धैर्य ने दिखा दिया कि कंगारू सुधरे नहीं हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखे स्टीव स्मिथ के आंसू मगरमच्छी थे. ऑस्ट्रेलियाई भेड़ियों ने बस भेड़ की खाल पहनी है, अंदर से वह अब भी भेड़िए ही हैं. और शायद इसीलिए वह कभी सच्चे चैंपियन नहीं बन पाएंगे. क्योंकि सच्चे चैंपियन के लिए खेलभावना का दर्जा बहुत ऊपर आता है. और इन कंगारुओं में खेल भावना तो छोड़िए, बेसिक मैनर्स का भी घोर अभाव है.

Advertisement

Advertisement

()