The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • CWG 2022: Indian men's hockey team enters semifinal

कॉमनवेल्थ में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दोहराया महिलाओं का कारनामा

वेल्स को पीटकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत.

Advertisement
pic
4 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2022, 04:25 PM IST)
Indian men's hockey team
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो: ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (CWG 2022) के सेमीफइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. भारत ने ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में वेल्स को हराया. इस मैच को 4-1 से जीतकर भारतीय हॉकी टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. टीम इंडिया पांचवीं बार कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची है.

इस मैच के हीरो रहे भारतीय टीम के उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह. Harmanpreet Singh ने इस टूर्नामेंट में अपनी दूसरी हैटट्रिक पूरी की, और भारत को जीत दिलाई. वेल्स के खिलाफ हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा तीन गोल दागे. इससे पहले घाना के खिलाफ पहले ग्रुप मैच में भी हरमनप्रीत ने तीन गोल दागे थे. इस मैच में हरमन ने दो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर और एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किया. वहीं, भारत के लिए चौथा गोल गुरजंत सिंह ने किया. वेल्स के लिए एकमात्र गोल गैरेथ फरलोंग ने ड्रैग फ्लिक से किया.

# पहले क्वॉर्टर में कोई गोल नहीं

मैच की बात करें तो पहले क्वार्टर में दोनों ही टीम खाता नहीं खोल सकीं. हालांकि भारतीय हॉकी टीम ने 55% पजेशन और पांच सर्किल पेनेट्रेशन के साथ वेल्स पर दबाव बनाये रखा था. पहले क्वार्टर के आठवें मिनट में ललित उपाध्याय ने शानदार शॉट लगाया, लेकिन वेल्स के गोलकीपर ने इसे रोक लिया. इसके बाद अगले ही मिनट में वेल्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वो इसे गोल में तब्दील नहीं कर सके.

इसके बाद वरुण कुमार को पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन वेल्स के गोलकीपर ने इसे बचा लिया. 10वें मिनट में वेल्स के जेम्स कार्सन ने शॉट लिया, पर वह भारतीय डिफेंडर्स को भेदने में नाकाम रहे.

# दूसरे क्वार्टर में भारत ने दागे दो गोल

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत के बाद भारत को 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर का मौका मिला. इस पर हरमनप्रीत सिंह ने बेहतरीन गोल दागा. ये टीम का भी पहला गोल था. इसके बाद 19वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. इस पर भी हरमनप्रीत सिंह ने ड्रैग फ्लिक से अपना और टीम के लिए इस मैच का दूसरा गोल दागा. हाफ-टाइम तक भारत ने वेल्स पर 2-0 की बढ़त बना ली थी.

# तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने अपनी हैट्रिक पूरी की
तीसरे क्वार्टर में वेल्स ने काउंटर अटैक की कोशिश की. लेकिन उनकी हर कोशिश को भारतीय डिफेंडर्स ने नाकाम किया. मैच के 38वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने शॉट लगाया पर ये मिस हो गया. इसके बाद 40वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने शानदार शॉट लगाया पर वेल्स के गोलकीपर ने इसे बचा लिया. इसके बाद 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ललित उपाध्याय के डिफ्लेक्शन को वेल्स के खिलाड़ी ने शरीर से रोका.

इस पर रेफरी ने भारत को पेनल्टी स्ट्रोक का न्योता दिया. और फिर हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दागते हुए इस टूर्नामेंट में अपनी दूसरी हैटट्रिक पूरी की. तीसरा क्वार्टर खत्म होने पर भारत 3-0 से आगे था.

# चौथे क्वार्टर में गुरजंत ने दागा चौथा गोल

चौथे क्वार्टर में भारत की ओर से आकाशदीप सिंह ने इस मैच में दूसरी बार शॉट लगाया पर गोलकीपर ने फिर से इसे बचा लिया. इसके बाद 49वें मिनट में गुरजंत सिंह ने शानदार शॉट के जरिए इस मैच में भारत का चौथा गोल दागा. इसके बाद वेल्स ने वापसी की कोशिश की.

और 55वें मिनट में गैरेथ फरलोंग ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल दागा. इस तरह उन्होंने स्कोर 4-1 कर दिया.  हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और भारत ने आखिरी कुछ मिनट में शानदार डिफेंडिंग कर वेल्स को कोई और गोल नहीं करने दिया.

भारतीय हॉकी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना अभियान घाना के खिलाफ़ जीत के साथ शुरू किया था. अपने पहले ही मुकाबले को टीम इंडिया ने 11-0 से जीता. यह भारत की कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में सबसे बड़ी जीत है. अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच में हैटट्रिक लगाई थी. वहीं, दूसरे मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला था. इस मैच में भी भारतीय टीम 3-0 से आगे चल रही थी. लेकिन इंग्लैंड ने वापसी करते हुए 4-4 से स्कोर बराबर किया था. वहीं, तीसरे मैच में टीम इंडिया ने कनाडा को 8-0 से हराया.

CWG 2022 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरी है. कप्तान मनप्रीत की अगुआई में भारत ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था. इस बार टीम मनप्रीत की अगुआई में टीम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी मेडल की प्रबल दावेदार है. इससे पहले गोल्ड कोस्ट 2018 में भारतीय टीम कोई मेडल नहीं जीत सकी थी. भारत ने 2010 और 2014 में सिल्वर मेडल जीते थे.

Indian Women’s Hockey Team ने आखिरी मिनटों में कमाल कर पांचवी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली

Advertisement

Advertisement

()