गुरुग्राम में पिटबुल कुत्ते ने महिला को बुरी तरह घायल किया, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने पिटबुल के मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है.

लखनऊ के बाद अब गुरुग्राम से पिटबुल कुत्ते (Pitbull Dog) के हमले की घटना सामने आई है. खबर के मुताबिक गुरुग्राम के सिविल लाइन इलाके में काम पर जा रही एक महिला पर पिटबुल ने हमला किया है, जिससे वो बुरी तरह घायल हो गई. उसे गंभीर हालत में पहले पास के अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. महिला की हालत गंभीर बताई गई है. उसकी जो तस्वीरें सामने आई है वे काफी दर्दनाक हैं. पीड़िता के सिर पर गहरे जख्म के निशान दिख रहे हैं. इस बीच पुलिस ने पिटबुल के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
Pit bull का महिला पर हमलाआजतक से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे के आसपास की है. पीड़िता का नाम मुन्नी है. उनकी करीबी रिश्तेदार की पुलिस को दी शिकायत के बाद कुत्ते की मालकिन नीतू छिकारा और मालिक विनित छिकारा के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 और 338 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
खबर के मुताबिक शिकायत में रिश्तेदार ने बताया कि मुन्नी सिविल लाइन स्थित कृष्णा मैन्सन के मकान नंबर 301 के सामने से गुजर रही थी, तभी पिटबुल कुत्ते ने मुन्नी पर हमला कर दिया. उनके सिर पर गंभीर चोट आई है. खबर के मुताबिक कुछ राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से मुन्नी को पिटबुल से बचाया.
एफआईआर में रिश्तेदार ने ये भी आरोप लगाया है कि ये पिटबुल पहले भी लोगों को काट चुका है, लेकिन उसके मालिकों को इससे फर्क नहीं पड़ता. महिला ने मांग की है कि कुत्ते को कहीं और भेज दिया जाए और उसके मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाए.
ये भी पढ़ें- पिटबुल बिगड़ा तो मौत पक्की! किन देशों में इस कुत्ते को पालने पर है बैन, भारत में क्या स्थिति है?
लखनऊ में पिटबुल ने ली थी महिला की जानइस घटना ने लखनऊ पिटबुल मामले की याद दिला दी है. बीती जुलाई में लखनऊ में एक पिटबुल कुत्ते ने अपनी ही मालकिन पर बेरहमी से हमला कर दिया था. 80 साल की मालकिन सुशीला त्रिपाठी की इस हमले में मौत हो गई थी. इस घटना ने सबको हैरान कर दिया था और पिटबुल पालने को लेकर बहस छिड़ गई थी. लखनऊ नगर निगम ने महिला की मौत के बाद 14 दिनों तक कुत्ते को अपनी कस्टडी में रखा था. बाद में कुत्ते को उसके मालिक अमित त्रिपाठी (सुशील त्रिपाठी का बेटा) को सौंपा दिया गया था. हालांकि वो खुद अपने पास उसे नहीं रख सकते थे. अमित ने बताया था कि वो कुत्ते को अपने एक करीबी रिश्तेदार के पास रखेंगे.
इसके बाद बीती 30 जुलाई को पंजाब के गुरदासपुर में पिटबुल ने एक 13 साल के लड़के पर जानलेवा हमला कर दिया था. उसने लड़के का कान बुरी तरह नोच लिया था. लड़का अपने पिता के साथ स्कूटर से जा रहा था. पिटबुल ने पहले लड़के की टांग को पकड़कर खींचा जिससे वो नीचे गिर गया था. नीचे गिरते ही कुत्ते ने उस पर बेरहमी से हमला कर दिया. हालांकि आसपास लोगों की कोशिश से उसे बचा लिया गया.
वीडियो: किन देशों में पिटबुल पालने पर बैन, भारत में क्या स्थिति?

