किम जोंग के राज में साउथ कोरियाई गाने सुनने पर मिलती है मौत, पता है उनकी कार के पार्ट्स किसके हैं?
नॉर्थ कोरिया के जिस 22 साल के लड़के को सार्वजनिक रूप से सजा दी गई थी, उसने साउथ कोरिया की फिल्मों/गानों को देखा और शेयर किया था.

हाल में एक खबर आई थी कि नॉर्थ कोरिया ने कोरियाई (साउथ कोरिया) गाने सुनने और शेयर करने पर एक 22 साल के लड़के को सार्वजनिक रूप से मौत की सजा दी थी. सजा सिर्फ इसलिए मिली कि नॉर्थ कोरिया की साउथ कोरिया के साथ पुरानी और सबसे गहरी अदावत है. अब एक खबर नॉर्थ कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हालिया मुलाकात से आई है. ये कि पुतिन ने किम साहब को जो महंगी कार गिफ्ट की उसके कई पार्ट्स साउथ कोरिया से आते हैं. इसी कार में दोनों नेताओं की ठहाका मारते हुए एक तस्वीर वायरल हुई थी. ये किम जोंग उन की एक छोटी-सी विडंबना कथा है. इसे अंग्रेजी में लोग Irony कहते हैं.
अब इस कथा को विस्तार से समझते हैं. 19 जून को खबर आई थी कि पुतिन ने प्योंगयांग दौरे पर रूस में बनी ऑरस सीनेट लिमोजिन (Aurus Senat Limousine) कार किम को तोहफे में दी थी. पुतिन ने कार ड्राइव भी की थी. उनके साथ बगल की सीट पर किम जोंग उन बैठे थे. रूस की सेंट्रल साइंटिफिक रिसर्च ऑटोमोबाइल और ऑटोमोटिव इंजन इंस्टीट्यूट ने मिलकर इस कार को तैयार किया था. पुतिन साल 2018 से इसी कार का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसकी शुरुआती कीमत 4 करोड़ 40 लाख रुपये है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कस्टम रिकॉर्ड्स बताते हैं कि कार बनाने वाली कंपनी इसके लिए करोड़ों रुपये के इम्पोर्ट किए हुए पार्ट्स का इस्तेमाल करती है. और ये पार्ट्स आते हैं साउथ कोरिया से जिसे नॉर्थ कोरिया अपना कट्टर दुश्मन समझता है.
रिपोर्ट ये भी बताती है कि रूस ने 2018 से 2023 के बीच ऑरस कार और बाइक बनाने के लिए 283 करोड़ रुपये के मोटर पार्ट्स को इम्पोर्ट किया है. रूस ने ये पार्ट्स साउथ कोरिया, चीन, भारत, तुर्किए, इटली और यूरोपीय संघ के देशों से खरीदे थे. इनमें 129 करोड़ रुपये के पार्ट्स साउथ कोरिया से मंगवाए गए थे, जिसमें सेंसर, प्रोग्राम कंट्रोलर, स्विचेज, वेल्डिंग और दूसरे सामान थे.
ये भी पढ़ें- पुतिन ने किम जोंग को जो गाड़ी गिफ्ट दी है, फीचर्स जान कहेंगे- ‘ऐसी तो फिल्मों में भी नहीं होती’
यूक्रेन के खिलाफ रूस के एकतरफा हमले के बाद भी ऑरस के लिए मोटर पार्ट्स का आयात जारी रहा है. फरवरी 2022 के बाद से रूस ने साउथ कोरिया से 41 करोड़ रुपये के पार्ट्स मंगवाए हैं. हालांकि, रॉयटर्स ने ये नहीं बताया कि किम को गिफ्ट में मिली कार में साउथ कोरिया से मंगाए गए किन पार्ट्स का इस्तेमाल हुआ. ऑरस मोटर्स ने भी रॉयटर्स के सवालों पर जवाब नहीं दिया.
लड़के को मौत की सजा क्यों?ब्रिटिश अखबार द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्थ कोरिया के जिस 22 साल के लड़के को सार्वजनिक रूप से सजा दी गई थी, उसने साउथ कोरिया की फिल्मों/गानों को देखा और शेयर किया था. साउथ कोरिया ने हाल में नॉर्थ कोरिया में मानवाधिकारों पर एक रिपोर्ट जारी की थी. इसमें 649 लोगों की दास्तानों का विवरण जिसको नॉर्थ कोरिया ने नियमों-कायदों के खिलाफ जाने पर सजा दी.
इसी रिपोर्ट से पता चलता है कि साउथ ह्वांगे प्रांत के रहने वाले लड़के को साल 2022 में मौत की सजा दी गई थी. उसे 70 साउथ कोरियाई गानों को सुनने, तीन फिल्में देखने और उसे शेयर करने का 'दोषी' पाया गया था. लड़के ने नॉर्थ कोरिया के 2020 के कानून का उल्लंघन किया था, जिसमें प्रतिक्रियावादी विचारधारा और संस्कृति पर रोक लगा दी गई थी.
'पश्चिमी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव' को देखते हुए नॉर्थ कोरिया ने साउथ कोरियन पॉप कल्चर और कोरियाई ड्रामे पर रोक लगाने की कोशिश की है. पॉप कल्चर के अलावा शादी में दुल्हन के सफेद कपड़े पहनने, चश्मा लगाने, वाइन ग्लास से शराब पीने जैसी चीजों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं. इसे भी दक्षिण कोरियाई रिवाजों की तरह देखा जाता है.
वीडियो: दुनियादारी: उत्तर कोरिया गुब्बारे में कचरा भरकर क्यों उड़ा रहा है, लड़ाई हो जाएगी?

.webp?width=60)

