राजस्थान में कांग्रेस के 8 पार्षद बिना शर्त BJP में शामिल, क्या मामला है?
BJP में शामिल होने वाले कांग्रेस के 8 पार्षदों में मनोज मुद्गल, उत्तम शर्मा, मोहम्मद जकरिया, सुशीला देवी, ज्योति चौहान, अरविंद मेठी, संतोष कंवर और पारस जैन शामिल हैं.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक अहम सियासी बदलाव हुआ है. ये बदलाव नगर निगम, जयपुर (हेरिटेज) से जुड़ा है. आजतक के शरत कुमार और देव अंकुर की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के 8 पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए हैं. इसके साथ ही, राजस्थान सरकार ने कुसुम यादव को जयपुर नगर निगम हेरिटेज की कार्यवाहक मेयर नियुक्त किया है. कुसुम यादव वार्ड नंबर 74 से निर्दलीय पार्षद हैं. मेयर के तौर पर उनकी नियुक्ति कांग्रेस की मुनेश गुर्जर की जगह हुई है. मुनेश गुर्जर को नगर निगम, जयपुर (हेरिटेज) के मेयर और पार्षद के पद से 23 सितंबर को निलंबित किया जा चुका है.
कांग्रेस की मुनेश गुर्जर को क्यों हटाया गया?राजस्थान सरकार ने भ्रष्टाचार के एक मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर मुनेश गुर्जर को मेयर पद से हटाया है. साथ ही, मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. मुनेश गुर्जर पर जमीन के पट्टों की फाइलों पर साइन नहीं करने और इसके बदले उनके पति द्वारा लोगों से रिश्वत मांगने का आरोप है.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने पिछले साल 4 अगस्त को तत्कालीन मेयर मुनेश गुर्जर के घर पर छापा मारा था. इस दौरान उनके पति सुशील गुर्जर और दो दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे को 2 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ गिरफ्तार किया गया था. छापे के एक दिन बाद उस समय की कांग्रेस राज्य सरकार ने मुनेश गुर्जर को मेयर के पद से निलंबित कर दिया था. हालांकि, उन्हें हाई कोर्ट से राहत मिल गई थी.
ये भी पढ़ें- जयपुर में बांध टूटने से इतना पानी बहा, कब्रिस्तान में दफ्न लाशें बह गईं, वीडियो वायरल
मेयर बनी कुसुम यादव का BJP से कनेक्शनकुसुम यादव वार्ड संख्या 74 से निगम पार्षद हैं. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक पार्षद चुनाव के वक्त BJP ने कुसुम यादव को टिकट नहीं दिया था. इसके बाद उन्होंने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा और पार्षद बनीं. हालांकि, चुनाव जीतने के बाद उन्होंने BJP को समर्थन दिया था.
नगर निगम में दूसरी बार पार्षद बनीं कुसुम यादव BJP कार्यकर्ता अजय यादव की पत्नी हैं. कुसुम यादव ने मेयर नियुक्त किए जाने के बाद कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर वो 'जीरो टोलरेंस' की नीति अपनाएंगी.
नगर निगम, जयपुर (हेरिटेज) में कुल 100 पार्षदों की सीटें हैं. किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 51 पार्षदों की जरूरत होती है. साल 2020 के नगर निगम के चुनाव में बीजेपी के 42 उम्मीदवार, कांग्रेस के 47 उम्मीदवार और 11 निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे. निर्दलीय पार्षदों में से 9 ने कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दिया था. 2 ने BJP को समर्थन दिया था.
वहीं अब BJP में शामिल होने वाले कांग्रेस के 8 पार्षदों में मनोज मुद्गल, उत्तम शर्मा, मोहम्मद जकरिया, सुशीला देवी, ज्योति चौहान, अरविंद मेठी, संतोष कंवर और पारस जैन शामिल हैं. सभी पार्षदों ने बिना शर्त हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र BJP को सौंपा है.
वीडियो: जयपुर में पुलिस अधिकारियों पर बुरी तरह क्यों भड़के राज्यवर्धन सिंह राठौर?

.webp?width=60)

