The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • 70 vehicles 300 personnel uttarakhand police raids houses in bareilly up detains 16

उत्तराखंड पुलिस के 300 जवान 70 गाड़ियों के साथ यूपी में घुसे, वहां की पुलिस को पता ही नहीं

घटना बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी के अगरासपुर की है. उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के SSP मणिकांत मिश्रा ने सोमवार, 10 मार्च की रात 300 पुलिसकर्मियों के साथ अचानक गांव में धावा बोल दिया.

Advertisement
70 vehicles 300 personnel uttarakhand police raids houses in bareilly up detains 16
बरेली जिले में उत्तराखंड पुलिस ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. (तस्वीर-इंडिया टुडे)
pic
सचेंद्र प्रताप सिंह
12 मार्च 2025 (Updated: 12 मार्च 2025, 05:42 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में उत्तराखंड पुलिस ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उधम सिंह नगर के SSP ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. इस दौरान 70 गाड़ियों से करीब 300 पुलिस के जवानों ने जिले में दबिश दी. पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान दर्जन भर से अधिक ड्रग्स माफियाओं को हिरासत में लिया. लेकिन इस छापेमारी की जानकारी न तो यूपी पुलिस को दी गई, न ही बरेली के किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को.

इंडिया टुडे से जुड़े कृष्ण गोपाल राय की रिपोर्ट के मुताबिक घटना बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी के अगरासपुर की है. उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के SSP मणिकांत मिश्रा ने सोमवार, 10 मार्च की रात 300 पुलिसकर्मियों के साथ अचानक गांव में धावा बोल दिया. उनके साथ 3 SP, दर्जन भर से अधिक CO, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, दंगा नियंत्रण टीम और महिला पुलिसकर्मी भी थीं.

इस कार्रवाई में उत्तराखंड पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया. रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से 15 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. एक आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. बताया गया कि वो उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में दर्ज मारपीट के केस में आरोपी है. हालांकि छापे के दौरान किसी भी मकान या परिसर से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ.

बाद में बरेली के SSP अनुराग आर्य ने बताया, “कल रात फतेहगंज पश्चिमी में गश्त के दौरान चौकी प्रभारी ने देखा कि उधम सिंह नगर पुलिस के अधिकारी कस्बे में पहुंचे हैं. इस बारे में स्थानीय थाना या वरिष्ठ अधिकारियों को कोई सूचना नहीं दी गई थी. चौकी प्रभारी ने टीम के साथ सहयोग किया. इस दौरान उधम सिंह नगर पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया और इलाके की तलाशी ली. लेकिन कोई अवैध मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ.” 

पूछताछ के बाद 15 लोगों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया. जबकि 1 व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. बरेली पुलिस ने जांच की तो पता चला कि 15 में से 14 लोगों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. जबकि 1 व्यक्ति पर मारपीट का केस दर्ज है. 

SSP ने आगे बताया कि बरेली पुलिस ने पिछले पांच वर्षों में NDPS एक्ट के तहत 1500 से अधिक अपराधियों को जेल भेजा है. इनमें से सबसे ज्यादा 176 केस फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में दर्ज हुए हैं. इस अकेले थाना क्षेत्र से 200 अपराधियों को जेल भेजा गया है. गैंग बनाकर नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों की 116 करोड़ की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की गई है. वहीं बीते आठ महीनों में पुलिस मुठभेड़ों में 72 अपराधी घायल हुए हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में दूसरे प्रदेशों से तस्करी कर लाए गए नशीले पदार्थों को बेचा जा रहा था. पुलिस को सूचना मिली कि बरेली के ड्रग्स माफिया नशीले पदार्थों को उत्तराखंड में बेचते हैं. इससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है. इसी सिलसिले में कार्रवाई की गई.

वीडियो: सहारनपुर: भारत की जीत का जश्न मना रहे थे लोग, तिरंगे को लेकर पुलिस और भीड़ में विवाद हो गया

Advertisement

Advertisement

()