The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Sam Bahadur teaser shows Vicky Kaushal, Sanya Malhotra, Fatima Sana Sheikh as Sam, Siloo and Indira Gandhi

'सैम बहादुर' के टीज़र से लग रहा है देशभक्ति पर ऐसी ही फिल्में बननी चाहिए

'सैम बहादुर' में विकी कौशल ने एक खास लहजा पकड़ा है. वो अपनी लाइन पूरी करने से पहले सबसे ज़रूरी हिस्से पर एक पॉज़ लेते हैं.

Advertisement
pic
13 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 03:59 PM IST)
sam bahadur teaser vicky kaushal
'सैम बहादुर' के सामने बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की 'एनिमल'होगी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Meghna Gulzar की फिल्म Sam Bahadur का टीज़र रिलीज़ हुआ है. मेघना की रेप्युटेशन सेंसिबल सिनेमा बनाने वाली डायरेक्टर की है. यही वजह है कि कोई और सैम मानेकशॉ पर फिल्म बना रहा होता, तो चीख-चिल्लाहट से भर देता. देशभक्ति के नाम पर सिनेमा में लंबे अरसे से ये होता रहा है. अभी भी ये फॉर्मूला चल ही रहा है. खैर एक मिनट 25 सेकंड के इस टीज़र में सैम मानेकशॉ पर ही फोकस किया गया. कहानी आदि को लेकर ज़्यादा हिंट नहीं दिए. टीज़र से आपको इतना आइडिया मिलेगा कि भारत के पहले फील्ड मार्शल कैसे आर्मी के प्रति समर्पित थे. कैसे वो मर जाओ, मार दो वाली सोच से ऊपर उठे हुए इंसान थे. 

एक सीन है जहां इंडिया गांधी बनी हुई फातिमा सना शेख झुंझलाहट में कहती हैं:

फौजियों की ड्यूटी है, अपने देश के लिए जान देना. 

सैम तपाक से जवाब देते हैं:

मैं माफी चाहूंगा मैडम. फौजियों की ड्यूटी है, देश की रक्षा के लिए दुश्मन की जान लेना. 

सैम बने विकी कौशल ने अपने किरदार के लिए एक खास किस्म का लहजा पकड़ा है. उनकी कद-काठी में आत्मविश्वास झलक रहा है. एक सेट तरीके से डायलॉग बोल रहे हैं. अपनी लाइन की सबसे अहम बात आने से पहले पॉज़ लेते हैं. ये पूरे टीज़र में देखने को मिलेगा. हमें दिखता है कि फिल्म उनके पूरे सफर को दिखाएगी – आर्मी में शुरुआती सालों से लेकर 1971 की जंग तक का समय. टीज़र भले ही कहानी नहीं बताता लेकिन फिल्म की पूरी फील साफ कर देता है. ये लाउड नहीं होने वाली. इसके सामने रिलीज़ होने वाली ‘एनिमल’ के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता. 

दिसम्बर का महीना बॉक्स ऑफिस पर क्लैश और कलेश से भरा हुआ है. हर वीकेंड बड़ी फिल्में थोक के भाव रिलीज़ होने वाली हैं. ‘सैम बहादुर’ के सामने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ होगी. मेघना और संदीप की सेंसीबिलिटी दो विपरीत ध्रुवों पर घूमती है. ऊपर से अभी शोर-शराबे वाला सिनेमा अपने चरम पर है. लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘सैम बहादुर’ को अपनी डेट खिसका देनी चाहिए. पिछले ट्रेंड को देखें तो ऐसा लगता है कि ‘एनिमल’ से भिड़ंत के बावजूद ‘सैम बहादुर’ कमा जाएगी. अगर इतिहास ने हमें कुछ सिखाया है तो वो ये कि दो बिल्लियों की लड़ाई में दोनों जीत जाती हैं. जातक कथा खराब नहीं कर रहे लेकिन ‘गदर’ और ‘लगान’ के वक्त दोनों फिल्मों को फायदा हुआ. ‘ओपेनहाइमर’ और ‘बार्बी’ के क्लैश में दोनों ने पैसे कमाए. OMG 2 और ‘गदर 2’ साथ रिलीज़ हुईं और दोनों हिट निकली. ‘सैम बहादुर’ के केस में भी ये पूरी तरह मुमकिन है. 

बता दें कि सैम बहादुर को मेघना गुलज़ार ने डायरेक्ट किया है. उन्होंने ही भवानी अय्यर और शांतनु श्रीवास्तव के साथ मिलकर फिल्म लिखी भी. बाकी फिल्म में विकी कौशल और फातिमा सना शेख के अलावा सान्या मल्होत्रा ने भी मेजर रोल किया है. वो फिल्म में सैम मानेकशॉ की पत्नी सीलू मानेकशॉ बनी हैं. ‘सैम बहादुर’ 01 दिसम्बर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.                       
 

वीडियो: तारीख: जब सैम मानेकशॉ ने खाने की मेज पर पाकिस्तान के जनरल की बोलती बंद की!

Advertisement

Advertisement

()