अली अब्बास ज़फ़र ने पूरी टीम की तरफ से माफी मांगी है. फोटो - ट्विटर
अमेज़न प्राइम वीडियो की वेब सीरीज़ 'तांडव'. जब से रिलीज़ हुई है, बवाल मचा हुआ है. देश के अलग-अलग हिस्सों से मेकर्स को लीगल नोटिस भेजे जा रहे हैं. कोई शो को सेंसर करने की, तो कोई इसे हटाने की मांग कर रहा है. इसी के चलते लखनऊ में मेकर्स के खिलाफ FIR भी दर्ज करवाई गई. तब तक टीम की तरफ से कोई बयान नहीं आया था. पर अब शो के डायरेक्टर अली अब्बास ज़फ़र ने अपना स्टेटमेंट दिया है. अपने लंबे-चौड़े स्टेटमेंट में उन्होंने लिखा,
जनता के 'तांडव' को दिए रिस्पॉन्स को हम करीब से मॉनिटर कर रहे थे. और आज हुए एक डिस्कशन के दौरान सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने हमें शो के खिलाफ मिल रही काफी सारी पिटिशन्स के बारे में बताया. कि कैसे वेब सीरीज़ ने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.
इसके आगे लिखा,
वेब सीरीज़ ‘तांडव’ पूरी तरह काल्पनिक है और इसका किसी व्यक्ति विशेष या ईवेंट से मेल खाना, सिर्फ एक इत्तेफाक़ है. कास्ट या क्रू की ऐसी कोई मंशा नहीं थी कि किसी व्यक्ति, धर्म, जाति, धार्मिक मान्यताओं, या किसी पॉलिटिकल पार्टी को नीचा दिखाया जाए. ‘तांडव’ की पूरी कास्ट और क्रू लोगों द्वारा उठाई आपत्ति को पूरी तरह समझती है और अगर अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो उसके लिए माफी मांगती है.
इससे पहले सुबह खबर आई थी कि बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने भी अमेज़न प्राइम इंडिया की टीम को लीगल नोटिस भेजा है. शो को अपने प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग रखी थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी इस मसले पर ट्वीट किया. लिखा,
‘तांडव’ वेब सीरीज़ में धार्मिक व जातीय आदि भावना को आहत करने वाले कुछ दृश्यों को लेकर विरोध दर्ज किये जा रहे हैं, जिसके संबंध में जो भी आपत्तिजनक है उन्हें हटा दिया जाना उचित होगा ताकि देश में कहीं भी शांति, सौहार्द व आपसी भाईचारे का वातावरण खराब ना हो.
मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शो भी की शिकायत करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को लेटर लिखा था. रिक्वेस्ट की कि शो को बैन किया जाए. क्यूंकि इसने हिन्दुओं की भावनाओं को आहत किया है.
बता दें कि शो को लेकर चल रहे हंगामे की वजह से शो के एक्टर सैफ अली खान को भी सुरक्षा प्रदान की गई थी.