The Lallantop

रूसी राष्ट्रपति पुतिन को दिल का दौरा पड़ने की खबरें उड़ीं, क्रेमलिन ने क्या बताया?

रूस के एक टेलीग्राम चैनल पर दावा किया गया था कि 22 अक्टूबर की शाम को पुतिन को कार्डियक अरेस्ट हुआ था.

Advertisement
post-main-image
पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर बीते कुछ वक़्त से लगातार खबरें आ रही हैं. (फोटो सोर्स- आज तक)

24 अक्टूबर को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को कथित रूप से दिल का दौरा पड़ने की खबरें उड़ीं. ये दावा रूस के एक टेलीग्राम चैनल की पोस्ट के आधार पर किया जा रहा था. हालांकि अब पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर चल रही इन ख़बरों को क्रेमलिन (राष्ट्रपति कार्यालय) ने खारिज कर दिया है. क्रेमलिन की तरफ से पत्रकारों को बताया गया कि पुतिन बिल्कुल ठीक हैं. क्रेमलिन ने ख़बरों को ‘अफ़वाह’ बताया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
खबर कहां से उड़ी?

पुतिन, जूडो के खिलाड़ी रहे हैं. बीती 7 अक्टूबर को उनकी उम्र हो गई 71 बरस. लेकिन पुतिन एक्टिव रहे हैं. मीटिंग्स, पब्लिक इवेंट्स में पुतिन की मौजूदगी बनी रहती है. लेकिन रूस के एक टेलीग्राम चैनल पर दावा किया गया था कि रविवार, 22 अक्टूबर की शाम को पुतिन को कार्डियक अरेस्ट हुआ था. उस वक़्त वो अपने बेडरूम में थे. टेलीग्राम चैनल के मुताबिक, डॉक्टर्स को पहले ही पता चल गया था कि पुतिन को दिल का दौरा पड़ा है. और इस वक़्त वो अपने आधिकारिक आवास में स्पेशल इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में हैं. डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

ये भी पढ़ें: विमान हादसे में मारे गए येवगेनी प्रिगोझिन की कहानी

Advertisement

ये खबरें आधिकारिक तौर पर अपुष्ट थीं. इस बीच क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पत्रकारों से बात की. दिमित्री ने इस दावे का खंडन किया कि रूसी राष्ट्रपति, पब्लिक इवेंट्स के दौरान बॉडी डबल्स का इस्तेमाल करते हैं. बॉडी डबल्स माने, किसी व्यक्ति की तरह दिखने वाले लोग. बोले तो हमशक्ल. मूवीज में हीरो की जगह स्टंट करने, इंटीमेट सीन वगैरह देने के लिए इनका इस्तेमाल होता है.

न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पत्रकारों ने रूसी टेलीग्राम चैनल के दावे को लेकर भी दिमित्री से सवाल किया. दिमित्री का कहना था,

"उनके साथ सब कुछ ठीक है, ये पूरी तरह से एक और बोला गया झूठ है."

Advertisement

बॉडी डबल्स के इस्तेमाल के बारे में पूछने पर दिमित्री हंसे. उन्होंने पुतिन के पास बॉडी डबल्स होने से इनकार किया. उन्होंने कहा,

"इस तरह की बेतुकी जानकारी, अफवाहों की कैटेगरी में आती है. इन चीजों पर मीडिया का एक पूरा वर्ग, पूरी मजबूती के साथ चर्चा करता है. इस पर बस मुस्कराया जा सकता है."

पुतिन को कैंसर?

साल 2022 के बाद से ये भी अफवाह है कि, पुतिन को कैंसर और पार्किंसंस जैसी गंभीर बीमारियां हैं. ऐसी अफवाहों को तब और बल मिलता है, जब कहा जाता है कि पुतिन सार्वजनिक जगहों पर कुछ असामान्य सा दिखते हैं, वो कुछ फूले हुए लगते हैं. हालांकि आधिकारिक तौर पर कभी इसके बारे में नहीं बताया गया है. 

ये भी पढ़ें: क्या वाकई रूस में पुतिन का तख्तापलट हो जाएगा?

बीते महीने, एक रूसी टेलीग्राम चैनल पर 'जेड-ब्लॉगर' पॉज़्न्याकोव (Pozdnyakov) की एक पोस्ट के बाद, पुतिन के स्वास्थ्य के बारे में चर्चा शुरू हो गई थी. 

बता दें कि रूस में युद्ध का समर्थन करने वाले लोगों को सोशल मीडिया पर 'Z-blogger' कहा जाता है. पॉज़्न्याकोव की पोस्ट में पुतिन की फोटो के साथ लिखा था,

“God, don't you leave us. Pray to God you are alive and healthy.”

यानी पुतिन के उत्तम स्वास्थ्य के लिए भगवान से प्रार्थना.

बॉडी डबल्स पर पुतिन क्या बोले? साल 2020 में एक इंटरव्यू के दौरान, पुतिन ने बॉडी डबल्स के इस्तेमाल से इनकार किया था. लेकिन ये भी कहा था कि सुरक्षा कारणों से एक बार पहले उन्होंने एक बॉडी डबल का इस्तेमाल किया था. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री ने अप्रैल में भी बॉडी डबल्स वाली बात को "एक और झूठ" कहा था. कहा था कि पुतिन एकदम फिट हैं. उन्होंने कैंसर की अफवाह को भी काल्पनिक और झूठा कहकर खारिज किया था. 

अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर, विलियम जे बर्न्स ने भी जुलाई में कहा था कि जहां तक एजेंसी बता सकती है, पुतिन पूरी तरह स्वस्थ हैं.

वीडियो: इज़रायल-हमास युद्ध के बीच जो बाइडेन ने पुतिन को घेरा, फिर बड़ा ऐलान

Advertisement