तमिलनाडु में सुपरस्टार्स की फिल्मों को लेकर अलग किस्म का जोश देखने को मिलता है. लोगों का मन सिर्फ दुग्धाभिषेक और मंदिर निर्माण से ही नहीं भरता. अपने पसंदीदा स्टार्स की फिल्म आने पर रैली निकालते हैं. शहर भर में विशालकाय होर्डिंग सजते हैं. एकदम त्योहार टाइप माहौल बना दिया जाता है. आधी रात या तड़के सुबह फिल्म के पहले शोज़ रखे जाते हैं. 19 अक्टूबर को थलपति विजय की फिल्म ‘लियो’ आ रही है. मेकर्स चाहते थे कि फिल्म के सुबह वाले शो रखे जाएं लेकिन वहां एक पेंच फंसा हुआ था. तमिलनाडु सरकार ने वो रास्ता खोल दिया. उन्होंने मेकर्स को परमिशन दे दी है कि आप पहले हफ्ते सुबह जल्दी शो रख सकते हैं.
'लियो' का ऐसा भयंकर क्रेज़ कि सरकार को बीच में आना पड़ गया, सुबह 4 बजे से शोज़
जनवरी 2023 में तमिलनाडु सरकार ने सुबह तड़के के शोज़ पर रोक लगा रखी थी. उन्होंने विजय की फिल्म 'लियो' को खास परमिशन दी है.


बता दें कि जनवरी 2023 में हुई दुर्घटना के बाद से ही राज्य सरकार ने फिल्मों के अर्ली मॉर्निंग शोज़ पर रोक लगा रखी थी. ‘लियो’ दशहरा पर आ रही है. फिल्म के प्रोड्यूसर सेवन स्क्रीन स्टूडियोज़ का प्लान था कि हॉलीडे रिलीज़ है, बेनेफिट ले सकते हैं. उन्होंने सरकार से अपील की कि सिनेमाघरों को सुबह के स्पेशल शोज़ रखने दिए जाएं. सरकार मान गई और दुविधा के बादल छंट गए. मेकर्स की मांग थी कि सुबह 4 और 7 बजे के शोज़ रखें जाएं. हालांकि ये अभी पता नहीं चल सका है कि सरकार शो की इस टाइमिंग पर राज़ी हुई या नहीं.
# जनवरी 2023 में क्या हुआ था?
11 जनवरी 2023 को तमिल सिनेमा के दो दिग्गज सुपरस्टार्स एक-दूसरे के सामने थे. विजय की ‘वारिसु’ और अजीत की ‘थुनिवु’ रिलीज़ हुई. अजीत की फिल्म ‘थुनिवु’ का रात 01 बजे का शो था. उनके फैन्स ट्रक भर के सिनेमाघर पहुंचने की तैयारी में थे. चलते ट्रक पर खड़े होकर नाचते हुए थिएटर की ओर बढ़ने लगे. उसी दौरान भरत नाम के एक शख्स ट्रक से नीचे आ गिरे. उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया. गंभीर चोट आने की वजह से उनकी डेथ हो गई. इस दुर्घटना के बाद से तमिलनाडु सरकार ने मेकर्स को आधी रात या सुबह जल्दी वाले शोज़ रखने की परमिशन देना बंद कर दिया था. ये नियम अब ‘लियो’ के लिए बदला है.
सरकार ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि सुबह वाले शोज़ पहले हफ्ते के लिए रखे जाते हैं. साथ ही सिनेमाघरों को दिन के पांच शोज़ रखने की भी आज़ादी है. सरकार ने कहा है कि इस दौरान पुलिस और सुरक्षा के तमाम इंतज़ाम किए जाएंगे. बता दें कि ‘मास्टर’ के बाद विजय और डायरेक्टर लोकेश कनगराज की जोड़ी फिर साथ आई है. ‘लियो’ में विजय के साथ तृषा कृष्णन, संजय दत्त और अर्जुन सारजा जैसे एक्टर्स ने भी काम किया है.






















